
Dhirendra Shastri रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तरफ से अंधविश्वास फैसलाने के लगाए गए आरोपा का पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उत्तर दिया है। भिलाई के जयंती स्टेडियम में गुरुवार से शुरू हुई कथा में शामिल होने पहुंचे पं. धीरेंद्र शास्त्री ने पहले तो कहा कि मैं आम तौर पर राजनीतिक बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देता, लेकिन इस विषय पर अपनी बात रखना जरुरी है।
भूपेश के बयान पर बागेश्वरधाम सरकार की प्रतिक्रिया
बागेश्वरधाम वाले पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यदि हिंदू समाज को जोड़ना, भक्ति का प्रचार करना और राष्ट्रवाद के प्रति लोगों को जागरुक करना जिन्हें अंधविश्वास लगात है, उन्हें देश छोड़ देना चाहिए।
यह भी पढ़ें- पंड़ित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने क्या कहा था- जानने के लिए यहां क्लिक करें
पं. शास्त्री यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि हिंदू समाज को एकजुट करना, हनुमान जी की भक्ति का प्रचार और राष्ट्रवाद की भावना जगाना अंधविश्वास नहीं है।
अपराध बन गया है हिंदू होना
बांग्लादेश के हालात पर पूछे गए सवाल पर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वहां हिंदू होना अपराध बन गया है। वहां एक व्यक्ति को केवल इसलिए जिंदा जला दिया गया, क्योंकि वह हिंदू था। उन्होंने सनातनी हिंदुओं से अपील करते हुए चेतावनी दी कि वह दिन दूर नहीं है जब भारत में भी हिंदू होना अपराध बन सकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू एकता और हिंदू राष्ट्र की बात करने का यही सही समय है।
नौ राज्यों में हिंदू हो गए अल्पसंख्यक
बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पं. शास्त्री ने कहा कि देश के नौ राज्यों में हिंदू अल्पसंख्यक हो गए है। उन्होंने कहा कि एक वर्ग 6 फीसदी से बढ़कर 28 फीसदी तक पहुंच गया है। हिंदू 90 फीसदी से घटकर 80 फीसदी रह गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर अब भी खतरा महसूस नहीं हो रहा, तो शायद बांग्लादेश का नक्शा देखकर ही समझ आएगा। लव जिहाद का जिक्र करते हुए पं. शास्त्री ने कहा कि जब बहन-बेटियां इसमें फंसेंगी, तब खतरा महसूस होगा।अब हर हिंदू को सनातन एकता पर जोर देना होगा।
जागने लगा है छत्तीसगढ़ का हिंदू समाज
मतांतरण के विषय पर चर्चा करते हुए पं. धीरेंद्र शास्त्री ने इसके तीन कारण बताए। कांकेर की घटना के बाद छत्तीसगढ़ बंद को लेकर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का हिंदू समाज अब जागने लगा है। वे लगातार प्रदेश आ रहे हैं। आने वाले समय में सरगुजा-जशपुर में कथा करेंगे, जहां एशिया की सबसे बड़ी चर्च के सामने ही मंच लगाया जाएगा।
मतांतरण के बताए तीन प्रमुख कारण
मतांतरण के तीन प्रमुख कारण बातते हुए उन्होंने कहा कि अशिक्षा, आर्थिक तंगी और अंधविश्वास यही तीन कारण है, जिसकी वजह से मतांतरण हो रहा है।
रोकने के उपाय
इस दौरान पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इसे रोकने का उपाय भी बताया, कहा कि अशिक्षा को दूर करने के लिए शिक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी है।
आर्थिक तंगी दूर करने के लिए उन्होंने कहा कि समृद्ध हिंदुओं को गरीब हिंदुओं और गांवों को गोद लेकर उनकी मदद करनी चाहिए।
अंधविश्वास को दूर करने के लिए उन्होंने कहा कि वे दरबार लगाते रहेंगे, जब तक भगवान हनुमान पर लोगों का भरोसा मजबूत नहीं हो जाता।




