
DR News रायपुर। छत्तीसगढ़ में महंगाई राहत (DR) बढ़ने का इंतजार कर रहे पेंशनरों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही महंगाई राहत बढ़ाने का आदेश जारी कर सकती है।
मध्य प्रदेश से आया शुभ संदेश
छत्तीसगढ़ के पेंशनरों के लिए मध्य प्रदेश से शुभ संदेश आया है। माध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव की सरकार ने वहां के शासकीय सेवकों का महंगाई भत्ता बढ़ाने के साथ ही पेंशनरों की महंगाई राहत में तीन प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। सूत्रों के अनुसार इसके साथ ही मध्य प्रदेश सरकार ने महंगाई राहत बढ़ाने का सहमति पत्र छत्तीसगढ़ सरकार को भेज दिया है।
डीए बकाया के लिए हाईकोर्ट में याचिका
इस बीच डीए का बकाया एरियर्स हासिल करने के लिए छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवकों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने इसको लेकर याचिका दाखिल की है। इस पर कोर्ट ने सरकार को निर्देश जारी किया है। इस खबर को विस्तार से बढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
दोनों राज्यों की सहमति से बढ़ता है डीआर
बता दें कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सरकार ने महंगाई भत्ता (डीए) तो अपनी मर्जी से बढ़ा लेते हैं, लेकिन महंगाई राहत में बढ़ोतरी के लिए दोनों राज्यों को एक- दूसरे की सहमति लेनी पड़ती है। इसकी वजह से हर बार डीआर का मामला लटक जाता है।
जानिए- कितनी होगी डीआर में बढ़ोतरी
मध्य प्रदेश सरकार ने महंगाई भत्ता और महंगाई राहत तीन प्रतिशत बढ़ाने का आदेश जारी किया है। ऐसे में छत्तीसगढ़ में भी पेंशनरों का महंगाई राहत तीन प्रतिशत ही बढ़ेगा। अभी राज्य के पेंशनरों को 55 प्रतिशत डीआर मिल रहा है तीन प्रतिशत की वृद्धि होने पर 58 प्रतिशत हो जाएगा।
छत्तीसगढ़ में जनवरी में बढ़ गया था डीए
प्रदेश के शासकीय सेवकों का महंगाई भत्ता जनवरी में ही तीन प्रतिशत बढ़ाया जा चुका है। फरवरी के वेतन से उन्हें 58 प्रतिशत डीए का लाभ मिल रहा है, लेकिन डीआर बढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश से सहमति मांगी गई थी। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश सरकार ने अपने यहां वृद्धि का आदेश जारी करने के साथ ही छत्तीसगढ़ को सहमति पत्र भेज दिया है।
आज शाम तक जारी हो सकता है आदेश
सूत्रों के अनुसार छत्तीसगढ़ के पेंशनरों के महंगाई राहत में वृद्धि का आदेश आज शाम तक जारी हो सकता है, क्योंकि कल होली की छुट्टी है। ऐसे में सरकार होली से पहले पेंशनरों को राहत देने के लिए डीए बढ़ाने का आदेश आज ही जारी कर सकती है।
जुलाई में बढ़ना था डीआर
बताते चले कि पेंशनरों का डीआर जुलाई 2025 में बढ़ना था, लेकिन अब तक बढ़ोतरी का आदेश जारी नहीं किया गया है। शासकीय सेवकों का डीए भी जुलाई से बकाया था, लेकिन उन्हें जनवरी 2026 से दिया गया है। अब देखना यह होगा कि पेंशनरों को डीआर का लाभ कब से दिया जा रहा है।




