Dr Raman Singh दो मंचों से मोदी ने मिली सराहना पर डॉ. रमन ने दी प्रतिक्रिया, बोले-पद से…, इधर- चर्चाओं का दौर…

schedule
2025-11-03 | 09:01h
update
2025-11-03 | 09:01h
person
chaturpost.com
domain
chaturpost.com

Dr Raman Singh रायपुर। छत्‍तीसगढ़ राज्‍योत्‍सव का उद्घाटन करके शनिवार की शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्‍ली लौट गए, लेकिन पीछे सियासी गलियारों में बड़ी चर्चा छोड़ गए हैं। प्रधानमंत्री के भाषणों में संकेत तलाशे जा रहे हैं। इसको लेकर अटकलों का बाजार गरम हो गया है।

जानिए-किस बात की हो रही है चर्चा

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नया रायपुर में दो कार्यक्रमों के मंच से पूर्व मुख्‍यमंत्री और विधानसभा के मौजूदा अध्‍यक्ष डॉ. रमन सिंह की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने पहले विधानसभा भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में फिर राज्‍योत्‍सव के मंच से भी डॉ. रमन की सराहना की।

जानिए- डॉ. रमन को लेकर क्‍या कहा पीएम मोदी ने..

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्‍योत्‍सव के अवसर पर शनिवार को रायपुर आए थे। यहां करीब पौने 8 घंटे रहे। इस दौरान वे लगभग आधा दर्जन कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसमें सरकार से जुड़े चार कार्यक्रमों में से दो में प्रधानमंत्री का भाषण हुआ। इसमें एक नए विधानसभा भवन का लोकापर्ण और दूसरा राज्‍योत्‍सव का शुभारंभ। दोनों ही मौके पर उन्‍होंने डॉ. रमन की सराहना की।

Dr Raman Singh  डॉ. रमन को बताया प्रेरणा

नए विधानसभा भवन में अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. रमन को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्‍होंने क्रिकेट के जरिये डॉ. रमन की व्‍यक्तित्‍व और कार्यों की सराहना की। कहा कि क्रिकेट में तो देखते हैं, कि जो कभी कैप्टन रहता है, वो कभी टीम में खिलाड़ी बनकर के भी खेलता है, लेकिन राजनीति में ऐसा देखने को नहीं मिलता है, ये उदाहरण डॉ.रमन सिंह जी दे सकते हैं, कि जो कभी कैप्टन हुआ करते थे, वो आज सच्चे स्पिरिट से कार्यकर्ता के छत्तीसगढ़ की सेवा के लिए समर्पित हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा के रूप में कार्य कर रहे हैं।

डॉ. रमन को बताया अनुभवी

विधानसभा में ही अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस सदन के हर कोने में, हमारे महापुरुषों के आदर्श हैं, तो वहीं इसकी अध्यक्ष पीठ पर, डॉ. रमन सिंह जी जैसा अनुभवी नेतृत्व भी है।  रमन जी, इस बात का बहुत बड़ा उदाहरण हैं कि एक कार्यकर्ता अपने परिश्रम से, अपने समर्पण भाव से लोकतांत्रिक व्यवस्था को कितना सशक्त बना सकता है।

राज्‍योत्‍सव के मंच से भी तारीफ

इसके बाद राज्‍योत्‍सव के मंच पर भी पीएम मोदी ने डॉ. रमन की सराहना की। छत्‍तीसगढ़ के 25 वर्षों की विकास यात्रा का उल्‍लेख करते हुए मोदी ने कहा कि 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने जो कुछ हासिल किया है, उसके लिए मैं हर मुख्‍यमंत्री, हर सरकार का अभिनंदन करता हूं। लेकिन बहुत बड़ा श्रेय डॉ रमन सिंह जी को जाता है। उन्होंने तब छत्तीसगढ़ को नेतृत्व दिया, जब राज्‍य के सामने अनेक चुनौतियां थी। मुझे खुशी है कि आज वो विधानसभा के अध्यक्ष के तौर पर अपना मार्गदर्शन दे रहे हैं और विष्‍णु देव साय जी की सरकार छत्तीसगढ़ के विकास को तेज गति से आगे ले जा रही है।

Dr Raman Singh पहले भी कर चुके हैं तारीफ

यह कोई पहला मौका नहीं था, जब पीएम मोदी ने डॉ. रमन की तारीफ की है। इससे पहले भी जब-जब मोदी छत्‍तीसगढ़ आए हैं, लगभग हर बार डॉ. रमन की तारीफ किए हैं। जानकारों के अनुसार दोनों के बीच कैमेस्‍ट्री बहुत अच्‍छी है। बताते चलें कि 2003 में डॉ. रमन जब पहली बार छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री बने तब मोदी गुजरात के मुख्‍यमंत्री थे, वे डॉ. रमन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। वह तस्‍वीर आज भी वायरल होती है।

पीएम मोदी के भाषण के बाद यह है चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के बाद राज्‍य के सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा हो रही है कि क्‍या पीएम मोदी प्रदेश के सियासत में किसी नए समीकरण का संकेत दे गए हैं। कहा जा रहा है कि मोदी ऐसे ही कुछ भी नहीं बोलते हैं, उनकी बातों में बड़ा संकेत होता है।

जानिए- मोदी की सराहना पर डॉ. रमन ने क्‍या कहा

प्रधानमंत्री से मिली इस सराहना पर डॉ. रमन सिंह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। रविवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र राजनांदगांव पहुंचे डॉ. रमन सिंह ने जिला स्‍तरीय राज्‍योत्‍सव का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी से मिली सराहना को लेकर भी अपनी बात कही।

पद बड़ी चीज नहीं…

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता को जो भी दायित्‍व मिलता है उसका शतप्रतिशत निर्वहन करना चाहिए, क्‍योंकि पद बड़ी चीज नहीं होती जवाबदारी बड़ी होती है।

chatur postNovember 3, 2025
656 3 minutes read
Follow Us
Imprint
Responsible for the content:
chaturpost.com
Privacy & Terms of Use:
chaturpost.com
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
23.02.2026 - 09:52:43
Privacy-Data & cookie usage: