Economic Survey छत्तीसगढ़ का आर्थिक सर्वेक्षण: जानिए.. कितनी रहेगी विकास की दर और प्रति व्यक्ति आय

Economic Survey रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज विधानसभा में छत्तीसगढ़ का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। विधानसभा बजट सत्र में छत्तीसगढ़ राज्य का “आर्थिक सर्वेक्षण वर्ष 2024-25” पटल पर प्रस्तुत किया गया। इस प्रकाशन के प्रमुख बिन्दू में राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) के अनुमान वर्ष 2023-24 का त्वरित एवं वर्ष 2024-25 का अग्रिम अनुमान संक्षेप में विवरण दिया गया है। साथ ही अर्थव्यवस्था के विभिन्न पहलुओं, समाजार्थिक स्थिति उसे प्रभावित करने वाले आधारभूत घटकों एवं राज्य शासन की योजनाओं के संदर्भ में प्रगति की विवेचनात्मक अध्ययन है।
Economic Survey 1. सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) वर्ष 2024-25 में प्रगति की सम्भावनायें :-
1.1 स्थिर भावों पर (आधार वर्ष 2011-12):- अग्रिम अनुमान वर्ष 2024-25 में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (बाजार मूल्य) पर गत वर्ष 2023-24 के रुपये 3,06,712 करोड़ से बढ़कर रुपये 3,29,752 करोड़ होना संभावित है जो गत वर्ष की तुलना में 7.51 प्रतिशत वृद्धि है, जिसमें कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र वर्ष 2023-24 के रुपये 48,987 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2024-25 में रुपये 51,621 करोड़ होना संभावित है जो गत वर्ष की तुलना में 5.38 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है। इसी प्रकार उद्योग क्षेत्र में रुपये 1,37,649 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2024-25 में रुपये 1,47,172 करोड होना संभावित है, जो गत वर्ष की तुलना में 6.92 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है। सेवा क्षेत्र में वर्ष 2023-24 के रुपये 99,925 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2024-25 में रुपये 1,08,461 करोड होना संभावित है, जो कि गत वर्ष की तुलना में 8.54 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है।
1.2 प्रचलित भावों पर
अग्रिम अनुमान वर्ष 2024-25 में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (बाजार मूल्य) (GSDP at Market Prices) पर गत वर्ष 2023-24 के रुपये 5,12,107 करोड़ से बढ़कर रुपये 5,67,880 करोड़ होना संभावित है जो गत वर्ष की तुलना में 10.89 प्रतिशत वृद्धि है, जिसमें वर्ष 2023-24 में कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र रुपये 97,958 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2024-25 में रुपये 1,07,038 करोड़ होना संभावित है जो गत वर्ष की तुलना में 9.27 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है। इसी प्रकार उद्योग क्षेत्र में रुपये 2,12,306 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2024-25 में रुपये 2,31,871 करोड़ होना संभावित है, जो गत वर्ष की तुलना में 9.22 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है। सेवा क्षेत्र में रुपये 1,71,335 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2024-25 में रुपये 1,94,346 करोड होना संभावित है, जो कि गत वर्ष की तुलना में 13.43 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है।
Economic Survey 2. सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) वर्ष 2023-24 (त्वरित) में प्रगति की सम्भावनायें :-
2.1 स्थिर भावों (आधार वर्ष 2011-12) पर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद बाजार मूल्य (GSDP at Market Prices) त्वरित अनुमान के अनुसार गत वर्ष 2022-23 की तुलना में वर्ष 2023-24 में 7.31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जिसमें कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र (कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं वन) में 3.03 प्रतिशत, उद्योग क्षेत्र (निर्माण, विनिर्माण, खनन एवं उत्खनन, विद्युत, गैस तथा जल आपूर्ति सम्मिलित) में 4.87 प्रतिशत एवं सेवा क्षेत्र में 10.43 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
2.2 प्रचलित भावों परपर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में त्वरित अनुमान के अनुसार गत वर्ष 2022-23 की तुलना में वर्ष 2023-24 में 11.60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जिसमें कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र (कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं वन) में 8.71 प्रतिशत, उद्योग क्षेत्र (निर्माण, विनिर्माण, खनन एवं उत्खनन, विद्युत, गैस तथा जल आपूर्ति सम्मिलित) में 10.16 प्रतिशत एवं सेवा क्षेत्र में 13.57 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

3. प्रति व्यक्ति आय (प्रति व्यक्ति निवल राज्य घरेलू उत्पाद प्रचलित भावों पर) प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2023-24 के त्वरित अनुमान के अनुसार 1,48,922 (एक लाख अड़तालीस हजार नौ सौ बाईस) रूपये से बढ़कर वर्ष 2024-25 अग्रिम अनुमान में 1,62,870 (एक लाख बासठ हजार आठ सौ सत्तर ) रूपये होना अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.37 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है।