ED की Raid रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हिरासत में ले लिया है। ईडी ने चैतन्य को राज्य के चर्चित शराब घोटाला में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
ईडी ने आज ही सुबह पूर्व मुख्यमंत्री के भिलाई-3 स्थित निजी आवास में छापा मारा है। भारी सुरक्षा के बीच ईडी के आठ अफसरों की टीम सुबह पूर्व मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंची। इस दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी मौजूद थे। अंदर ईडी की जांच चल रही थी, बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
बता दें कि आज चैतन्य बघेल का जन्मदिन है। यह जानकारी खुद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट करके दी है। उन्होंने लिखा है कि इससे पहले मेरे जन्मदिन पर मेरे राजनीतिक सलाहकार और दो ओएसडी के यहां ईडी का छापा पड़ा था। आज चैतन्य के जन्मदिन पर मेरे घर पर छापा पड़ा है।
बता दें कि छापे के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने निजी निवास से निकलकर सुबह ही विधानसभा पहुंच चुके हैं, जहां वे मानसून सत्र की कार्यवाही में शामिल हो रहे हैं। बात दें कि सत्र का आज अंतिम दिन है। पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि वे इस कार्यवाही के बावजूद न टूटेगें और न झूकेंगे।
ईडी के छापों को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल हमलावर हैं। इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया में एक के बाद एक कई पोस्ट किए हैं। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। बघेल ने छापे की वजह अडानी को बताते हुए लिखा है कि आज वे विधानसभा में तमनार में पेड़ कटाई का मुद्दा उठाने वाले थे, इसलिए यह छापा मारा गया है।
चैतन्य बघेल के खिलाफ कार्यवाही के तार राज्य के चर्चित शराब घोटाला से जोड़ा जा रहा है। बता दें कि शराब घोटाला ईडी ने ही उजागर किया था। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के दौरान ही ईडी ने इस मामले में छापे मारी और जांच शुरू कर दी थी। शराब घोटाला के आरोप में अब तक आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ईडी के पत्र के आधार पर ईओडब्ल्यू भी अब इस मामले की जांच कर रही है।