
Election रायपुर। छत्तीसगढ़ इस वर्ष होने वाले निकाय और पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया एक अप्रैल से शुरू होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग मतदाता सूची के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके अनुसार स्थानीय निकायों की निर्वाचक नामावली 01 अप्रैल की स्थिति के आधार पर तैयार की जाएगी। जिन मतदाताओं के नाम संबंधित स्थानीय निकाय के क्षेत्र, वार्ड या पंचायत से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में दर्ज होंगे, वही मतदाता स्थानीय निकायों की निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने के पात्र होंगे।
ऐसे चलेगा मतदाता सूची का काम
आयोग से मिली जानकारी के अनुसार दावे-आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तिथि 23 अप्रैल तक जिन मतदाताओं के नाम भारत निर्वाचन आयोग की विधानसभा निर्वाचक नामावली में दर्ज होंगे, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर स्थानीय निकाय की निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे।
यहां होना है चुनाव
नगरीय निकाय उप निर्वाचन में नगर पालिका परिषद सारंगढ़ (जिला-सारंगढ़-बिलाईगढ़) और नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा (जिला-कोरिया) में अध्यक्ष का पद रिक्त हैै। इसके साथ ही पार्षदों के 15 पद भी रिक्त हैं। इसके अतिरिक्त नवगठित चार निकायों—नगर पंचायत घुमका (जिला-राजनांदगांव), नगर पंचायत बम्हनीडीह (जिला-जांजगीर-चांपा), नगर पंचायत शिवनंदनपुर (जिला-सूरजपुर) तथा नगर पंचायत पलारी (जिला-बलौद)—में अध्यक्ष के 04 पद तथा पार्षदों के कुल 60 पद रिक्त हैं।
त्रिस्तीय पंचायत चुनाव
इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 08 पद, सरपंच के 78 पद तथा पंच के 1056 पद रिक्त हैं। इस प्रकार प्रदेश के 33 जिलों में कुल 1142 पद रिक्त हैं, जिनका निर्वाचन कराया जाना है।
मतदाता सूची का कार्यक्रम
रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और प्राधिकृत अधिकारियों का प्रशिक्षण 24 मार्च तक कराया जाएगा। निर्वाचक नामावली का मुद्रण 09 अप्रैल तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अप्रैल को किया जाएगा।
20 अप्रैल तक दावा आपत्ति
प्रकाशन के बाद दावे-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है। प्रारूप क-1 में दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल होगी। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की तरफ से दावे-आपत्तियों के निराकरण के आदेश के विरुद्ध अपील ऐसा आदेश पारित होने के 05 दिन के भीतर सक्षम अधिकारी के समक्ष की जा सकेगी। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 05 मई को किया जाएगा।




