Site icon Chatur Post

GATE छत्‍तीसगढ़ में पकड़ाया हाईटेक फर्जीवाड़ा: ब्लूटूथ से चल रहा था नकल का खेल, धरे गए 6 आरोपी

badi khabar

GATE रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित गेट परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने की साजिश का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना DD नगर और ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा से आए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो ब्लूटूथ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ दिलाने की तैयारी में थे। आरोपियों के पास से ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर रची गई घेराबंदी

पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक रायपुर पहुंचकर गेट परीक्षा में असली अभ्यर्थियों की जगह बैठकर पेपर हल करने या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से नकल कराने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए में थाना डीडी नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।

परीक्षा केंद्र के आसपास निगरानी

पुलिस टीम ने आयन डिजिटल जोन, सरोना स्थित परीक्षा केंद्र के आसपास गोपनीय निगरानी शुरू की। इसी दौरान कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए। तलाशी लेने पर उनके पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और नकल से संबंधित उपकरण बरामद हुए, जिसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

ब्लूटूथ डिवाइस से अंदर-बाहर जुड़े थे आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि परीक्षा केंद्र के अंदर बैठे अभ्यर्थियों को सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस उपलब्ध कराए गए थे। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी प्रश्न पढ़कर बाहर बैठे साथियों तक पहुंचाते थे, जहां से आरोपी गूगल सर्च और अन्य माध्यमों से उत्तर तैयार कर ब्लूटूथ के जरिए अंदर बैठे अभ्यर्थियों को बताते थे। इस काम के बदले आरोपियों द्वारा अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली जाती थी।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दर्शन सहवाग, सुमित सहवाग , लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की , अमर  , नरेंद्र कुमार और बंटी कुमार  के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरियाणा के झज्जर, फतेहाबाद और हिसार जिले के निवासी हैं और विशेष रूप से परीक्षा में नकल कराने के उद्देश्य से रायपुर पहुंचे थे।

भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, 8 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड और अन्य नकल से संबंधित सामग्री जब्त की है। थाना डीडी नगर में आरोपियों के खिलाफ  आईटी एक्ट और लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड तथा नेटवर्क की जांच की जा रही है। साथ ही इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

Exit mobile version