
Gold and silver prices रायपुर। अंतरराष्ट्रीय बाजार के प्रभाव से सोना-चांदी की रफ्तार थमने का नाम ही नहीं ले रही है। कीमतों को लेकर आए दिन एक नया रिकार्ड बनते जा रहा है। सप्ताह के आखिरी दिन शनिवार को रायपुर सराफा बाजार में सोना एक लाख 63 हजार प्रति दस ग्राम(स्टैंडर्ड) और चांदी तीन लाख 35 हजार रुपए प्रति किलो पहुंच गई।
24 दिन में 26 हजार रुपए की तेजी
बीते 24 दिनों में ही सोने की कीमतों में 26 हजार रुपए की तेजी आ गई है,वहीं चांदी भी एक लाख एक हजार रुपए महंगी हो गई है। सराफा के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इनकी कीमतों में जबरदस्त तेजी की संभावना है।
लगातार बढ़ रही कीमत
बाजार के जानकारों का कहना है कि ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि सोना भी चांदी की राह पर चलने लगा है। जिस तरह चांदी की कीमतों में बेइंतहा तेजी देखी जा रही है, सोने की कीमतें भी अब उसी अनुपात में बढऩे लगी है। आज से पहले कीमतों में तेजी के मामले में चांदी की तुलना में सोने की रफ्तार थोड़ी कम रहती थी।
मार्केट पर सटोरियों का कब्जा
सराफा के जानकारों का कहना है कि पूरी तरह से मार्केट में सटोरियों का कब्जा हो गया है, ऐसी स्थिति में कीमतों को लेकर कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता कि सोने-चांदी की कीमतें कहां तक पहुंचेंगी।
बाजार में पसरा सन्नाटा
कीमतों में तेजी के चलते इन दिनों सराफा बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। खरीदारों को भी कीमतों में गिरावट का इंतजार बना हुआ है। हालांकि इन दिनों सराफा में बिकवाली ने जोर पकड़ लिया है तथा पुराने गहने एक्सचेंज कर नए गहनों की बनवाई का चलन बढ़ गया है। पिछले साल जनवरी की तुलना में इस साल जनवरी में सराफा कारोबार में 70 फीसद की गिरावट आ गई है।
शेयर बाजार के निवेशक भी कूदे
शेयर की तुलना में सोना-चांदी इन दिनों जबरदस्त रिटर्न दे रहे है। इसके चलते इन दिनों शेयर बाजार के निवेशक भी सराफा में निवेश करने लगे है,इसके साथ ही दूसरे लोहा और कपड़ा सेक्टर के कारोबारी भी सोना-चांदी में निवेश कर रहे है।
विशेषज्ञों की सलाह फिजिकल खरीदारी ही करें
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही सोना-चांदी अभी रिटर्न के मामले में काफी आगे चल रहे है और शेयर बाजार को पछाड़ चुके है। इसके बावजूद निवेशकों को वायदा सौदों से बचकर रहना चाहिए और केवल फिजिकल खरीदारी ही करें। फिजिकल खरीदारी करने में ही फायदा होगा।




