Gold- silver prices न्यूज डेस्क। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बावजूद मुनाफावसूली के चलते चांदी और सोने के कीमतों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही। शुक्रवार को दिल्ली सराफा बाजार में चांदी की कीमत 13,000 रुपए (4.85 फीसदी) घटकर 2,55,000 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव रह गई। सोना भी 3,400 रुपये (2.12 फीसदी) सस्ता होकर 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव बंद हुआ।
इस गिरावट के साथ चांदी पिछले दो दिनों में 43,300 रुपये (15.01 फीसदी) टूट गई, जबकि सोने की कीमतों में भी 7,900 रुपये (5.12 फीसदी) की गिरावट देखने को मिली।
गुरुवार को चांदी एक दिन में 30,300 0,300 रुपये (10.16 फीसदी) सस्ती होकर 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव रही थी। सोना 4,500 रुपये लगभग तीन फीसदी टूटकर 1,60,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
सराफा कारोबारियों ने कहा, डॉलर में मजबूती और वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव कम होने के बीच निवेशकों ने लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में मुनाफावसूली की। इससे वैश्विक स्तर पर तेजी के बावजूद घरेलू बाजार में कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शुरुआती गिरावट के बाद सराफा कीमतों में चार फीसदी से अधिक सुधार हुआ। हाजिर चांदी 3.02 डॉलर बढ़कर 74 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई। एक दिन पहले यह करीब 10 फीसदी तक टूट गई थी।
हाजिर सोना 106.74 डॉलर बढ़त के साथ 4,887.30 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। शुरुआती सत्र में 4,654.86 डॉलर का निचले स्तर हुआ था।