मुख्य पृष्ठशिक्षा

Guest Teacher अतिथि शिक्षकों का कब होगा नियमितीकरण? विपक्ष के सवाल पर मंत्री ने सदन में दी जानकारी…

Guest Teacher रायपुर। अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण की सरकार के पास क्‍या योजना है? मोदी की गारंटी में यह वादा किया गया था। यह सवाल आज विधानसभा में उठा, इस पर स्‍कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने उत्‍तर दिया।

अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण को लेकर कांग्रेस के बघेल लखेश्‍वर ने सवाल पूछा था। सदन में इस पर विक्रम मंडावी ने सवाल किया। पूछा कि अतिथि शिक्षकों को सरकार कितना वेतन देती है।

इस पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि अतिथि शिक्षकों को 20 हजार रुपए प्रति माह वेतन दिया जाता है। वेतन का भुगतान अटेंडेंस के आधार पर किया जाता है।

विधायक विक्रम मंडावी ने पूछ कि क्‍या अतिथि शिक्षकों का वेतन पूरे प्रदेश में एक समान है ?

इस पर मंत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश में अतिथि शिक्षकों का वेतन एक समान है, अतिथि शिक्षकों की नई भर्ती  नहीं की गई है। मंत्री ने यह भी बताया कि उनका वेतन 2022 में बढ़ाया गया था।

नियमितीकरण पर मंत्री ने दिया यह जवाब

विक्रम मंडावी ने पूछा कि अतिथित शिक्षकों के निमितीकरण की क्‍या योजना है, आपने मोदी की गारंटी के तहत वादा किया था ?

मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण की कोई योजना नहीं है। हमने उनका नियमितीकरण करने की बात नहीं कही है।

मंत्री ने कहा कि अतिथि शिक्षक दैनिक वेतन भोगी नहीं हैं, नियमितीकरण दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का किया जाता है।

कांग्रेस के विधायकों ने की नारेबाजी

उमेश पटेल ने कहा कि मोदी की गारंटी में नियमितीकरण शामिल है, उन्‍होंने पूछा कि यह कब तक पूरा होगा। मंत्री के उत्‍तर से नाराज कांग्रेस के सदस्‍यों ने सदन में नारेबाकी की और उमेश पटेल के निेतृत्‍व में सदन से बहिर्गमन कर दिया।

युक्तियुक्‍तकरण में 166 भवन हुए खाली

इससे पहले सुनील सोनी के एक प्रश्‍न के उत्‍तर में स्‍कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि राज्‍य में 10538 स्‍कूलों का युक्तियुक्‍तकरण किया गया है। इसमें 166 भवन खाली हुए हैं। फिलहाल इन भवनों का उपयोग नहीं किया जा रहा है।  नए सत्र से  इसके लिए प्‍लानिंग करेंगे।

Back to top button