मुख्य पृष्ठ

नए किसानों को भी पंजीयन करना पड़ेगा

इस सीजन एक लाख 60 हजार टन धान खरीदी करने का लक्ष्‍य

Kharif Season 2025 रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में खरीफ सीजन 2025-26 की शुरुआत हो चुकी है। मानसून के आने के साथ ही किसान खेती में व्‍यस्‍त हो गए हैं। छत्‍तीसगढ़ में यह सीजन धान का है। ऐसे में एक तरफ किसान खेती की तैयारी में जुटे हैं तो दूसरी तरफ सरकार ने भी धान खरीदी की तैयारी शुरू कर दी है।

मंत्रिमंडलीय उपसमिति की बैठक में तय हुआ लक्ष्‍य

खरीफ सीजन शुरू होने के साथ ही राज्‍य में धान खरीदी के लिए गठित मंत्रिमंडलीय उप समिति की पहली बैठक हो गई है। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की अध्‍यक्षता में हुई इस बैठक में नए सीजन के लिए धान खरीदी के लक्ष्‍य पर चर्चा हुई। इसके साथ ही पिछले सीजन के बचे हुए धान के निराकरण को लेकर भी निर्णय लिया गया है।

जानिए- खरीफ सीजन 2025-26 में कितना है धान खरीदी का लक्ष्‍य

मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक में नए सीजन में किसानों से समर्थन मूल्‍य पर धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्‍य को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार उप समिति ने इस सीजन एक लाख 60 हजार टन धान खरीदी करने का लक्ष्‍य रखने का फैसला किया है। हालांकि अभी इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

Kharif Season 2025 धान खरीदी के लक्ष्‍य की कब होगी घोषणा

अफसरों ने बताया कि मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक में हुई चर्चा के आधार पर धान खरीदी के अनुमानित लक्ष्‍य का प्रस्‍ताव अब कैबिनेट को भेजा जाएगा। कैबिनेट की बैठक में चर्चा और सहमति के बाद इसकी औपचारिक घोषणा होगी।

कब से शुरू होगा किसानों का पंजीयन

समर्थन मूल्‍य पर धान खरीदी के लिए इस बार भी किसानों का पंजीयन होगा। अफसरों के अनुसार पहले से  पंजीकृत किसानों का डाटा कैरिफावर्ड होगा। किसी किसानों को अपने रकबा में बदलाव करना है तो उसे आवेदन करना होगा। नए किसानों को भी पंजीयन करना पड़ेगा। किसानों का पंजीयन शुरू करने के लिए तारीख की घोषणा भी कैबिनेट की बैठक के बाद होगी।

छत्‍तीसगढ़ में कितना है धान का समर्थन मूल्‍य

छत्‍तीसगढ़ में राज्‍य सरकार 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से किसानों से धान खरीदती है। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में इसका वादा किया था। भाजपा के सत्‍ता में आने के बाद से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदी की जा रही है। पहले यह आंकड़ा 15 क्विंटल प्रति एकड़ था।

Kharif Season 2025 पिछले साल कितनी हुई थी धान की खरीदी

छत्‍तीसगढ़ में खरीफ सीजन 2024-25 में राज्‍य में सत्‍ता परिवर्तन के बाद किसानों से धान खरीदी का लक्ष्‍य बढ़ाकर एक लाख 60 हजार टन कर दिया गया था। वहीं, राज्‍य के किसानों ने करीब एक लाख 49 हजार टन धान बेचा था, जो अब तक की सबसे ज्‍यादा खरीदी है।  

जानिए- कितना है धान का न्‍यूतनम समर्थन मूल्‍य

केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन 2025-26 के लिए विभिन्‍न फसलों का न्‍यूनतम  समर्थन मूल्‍य पहले ही घोषित कर दिया है। इस बार धान के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य में 69 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। केंद्र की तरफ से घोषित धान की एमएसपी 2369 और 2389 रुपए प्रति क्विंटल है। इसमें सामान्‍य धान की अपेक्षा ग्रेड ए की एमएसपी 10 रुपए प्रति क्विंटल ज्‍यादा रखी गई है।  

Back to top button