KVK रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ कृषि विज्ञान केंद्र सर्व कर्मचारी कल्याण संघ की तरफ से 8 मार्च को सुबह 11 बजे कृषि विज्ञान केन्द्र, रायपुर के सभागार में “महिला सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में समाज एवं शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित महिलाओं की उपस्थिति से आयोजन को विशेष गरिमा प्राप्त होगी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कौशल्या साय (धर्मपत्नी, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ विष्णुदेव साय) होंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ममता चंदेल (धर्मपत्नी, कुलपति, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर) द्वारा की जाएगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में दीपा दीपक (धर्मपत्नी, कुलसचिव, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर) और डॉ. नीता खरे (प्राध्यापक एवं निदेशक विस्तार सेवाएं, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, समाज में महिलाओं की भूमिका, शिक्षा एवं नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद और विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान भी किया जाएगा।
महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. गुंजन झा, डॉ. प्रमिला जोगी, डॉ. एकता ताम्रकार एवं डॉ. अंजलि धृतलहरे ने बताया कि यह कार्यक्रम महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने, उनके अनुभव साझा करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ललिता रामटेकेने सभी अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर महिला शक्ति के इस उत्सव को सफल बनाने की अपील की है। यह कार्यक्रम महिला सम्मान, प्रेरणा एवं संवाद का महत्वपूर्ण मंच बनेगा, जो समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक कदम सिद्ध होगा।