महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से कांग्रेस की अंतर्कलह की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार को कांग्रेस भवन उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब पार्टी के बड़े नेता आपस में ही भिड़ गए। बात इतनी बढ़ गई कि नेताओं ने एक-दूसरे पर प्लास्टिक की कुर्सियां फेंकी, कांच के गिलास तोड़ दिए और हाथापाई में नेताओं के कपड़े तक फट गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी और अब इस मामले में नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
क्या है पूरा मामला?
घटना गुरुवार (2 अप्रैल) दोपहर की है। कांग्रेस भवन में महंगाई के मुद्दे पर जिलाध्यक्ष और खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने पत्रकार वार्ता (PC) बुलाई थी। पीसी में पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, शहर अध्यक्ष गुरमीत चावला सहित कई बड़े चेहरे मौजूद थे।
Also read छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका,📍 जिलाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा; भाजपा बोली- ‘बिखर रही है कांग्रेस
दोपहर करीब 3:30 बजे जैसे ही पत्रकार वार्ता खत्म हुई और मीडियाकर्मी बाहर निकले, वैसे ही जिला उपाध्यक्ष विजय साव, पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और पूर्व कोषाध्यक्ष निर्मल जैन के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद का मुख्य कारण पार्टी पदाधिकारियों को पत्रकार वार्ता की सही समय पर सूचना न देना बताया जा रहा है।
जमकर चले लात-घूंसे और कुर्सियां
देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नेताओं ने गुस्से में आकर एक-दूसरे पर हमला कर दिया। वहां रखी प्लास्टिक की कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर वार किए गए, जिससे कुर्सियां चकनाचूर हो गईं। मेज पर रखे कांच के गिलास भी इस विवाद की भेंट चढ़ गए। इस जूतम-पैजार में नेताओं के कपड़े तक फट गए और पूरे परिसर में कांच के टुकड़े बिखर गए।
पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
जब बीच-बचाव के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ, तो जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली प्रभारी दिनेश यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जिला उपाध्यक्ष विजय साव वहां से जाने को तैयार नहीं थे, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई और उन्हें भवन से बाहर निकाला।
1 हफ्ते पहले मिली थी जिम्मेदारी, अब हुई FIR
खास बात यह है कि आरोपी विजय साव वार्ड नंबर-28 के पार्षद हैं और उन्हें महज एक हफ्ते पहले ही जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस घटना के बाद नाराज कांग्रेस नेताओं ने सिटी कोतवाली पहुंचकर विजय साव के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

