राज्य

फिलहाल केवल बस्‍तर संभाग में ही आवेदन

एक हजार रुपए देती है सरकार

Mahtari Vandana रायपुर। छत्‍तीसगढ़ सरकार की गेम चेंजर महतारी वंदन योजना में आवेदन करने के लिए इंतजार कर रही महिलाओं के लिए अच्‍छी खबर है। इस योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया फिर से शुरू होने जा रही है। आवेदन की यह प्रक्रिया सीमित समय के लिए चालू की जा रही है।

जानिए- कब से शुरू होगी महतारी वंदन के लिए आवेदन की प्रक्रिया

महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया 15 अगस्‍त से शुरू हो रही है। 30 अगस्‍त तक आवेदन फार्म भरे जाएंगे। इसके बाद 1 से 15 सितंबर तक आवेदन पत्रों की जांच और सत्‍यापन की प्रक्रिया होगी और 15 सितंबर को पत्र हितग्राहियों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।

Mahtari Vandana फिलहाल केवल बस्‍तर संभाग में ही आवेदन

अफसरों ने स्‍पष्‍ट किया है कि महतारी वंदन के लिए आवेदन की प्रक्रिया फिलहाल बस्‍तर संभाग में शुरू की जा रही है। 15 अगस्‍त से संभाग के सभी सातों जिलों में आवेदन जमा किए जाएंगे। राज्‍य के बाकी जिलों में फिलहाल नए आवेदन नहीं लिए जाएंगे।

कांग्रेस ने साधा निशाना

महतारी वंदन योजना के तहत केवल बस्‍तर संभाग में ही महिलाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू किए जाने पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता धनंजय सिंह ठाकुर ने सरकार के इस फैसले पर सवाल खड़ा किया है। ठाकुर ने कहा कि आवेदन की प्रक्रिया केवल बस्‍तर संभाग में शुरू की जा रही है वह भी ऑफ लाइन। उन्‍होंने पूछा कि आवेदन ऑनलाइन क्‍यों नहीं लिया जा रहा है। ठाकुर ने कहा कि पूरे प्रदेश में बड़ी संख्‍या में महिलाएं इस योजना से वंचित हैं।

एक हजार रुपए देती है सरकार

महतारी वंदन योजना के तहत छत्‍तीसगढ़ की विष्‍णुदेव साय सरकार विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दे रही है। राज्‍य की करीब 70 लाख विवाहित महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है। हालांकि इस योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया एक ही बार चलाई गई थी। इसके बाद से बड़ी संख्‍या में महिलाएं इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रही हैं।   

Back to top button