
Man Ki Bat PM रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित अपने मन की बात में नेचर फॉर्मिंग को बढ़ावा देने, खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी की प्रशंसा की। विधानसभा अध्यक्ष व अन्य नेताओं के साथ राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम सुन रहे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नेचर फॉर्मिंग के लिए छत्तीसगढ़ में अपार संभावनाएं हैं और यहां के किसान व युवा उद्यमी इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश के खाद्यान्न उत्पादन में वृद्धि हुई है और इसमें छत्तीसगढ़ का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात की 128वीं कड़ी को सुना और इसे अत्यंत प्रेरणादायी बताया। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात के माध्यम से देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों, जनभागीदारी और उत्कृष्ट प्रयासों को पहचान दिलाते हैं, जिससे राष्ट्र निर्माण में लगे समर्पित लोगों को सम्मान प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, विभिन्न राज्यों में शहद प्रसंस्करण की उन्नत विधियां, शहद उत्पादन में वृद्धि, नौसेना सशक्तिकरण, नेवल म्यूजियम, नेचर फॉर्मिंग के महत्व, तथा सऊदी अरब में पहली बार सार्वजनिक मंच पर गीता की प्रस्तुति और लातविया सहित कई देशों में आयोजित गीता महोत्सवों के भव्य आयोजनों की प्रशंसा हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, लक्ष्मी रजवाड़े, खुशवंत साहेब, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय, विभिन्न निगम-मंडलों एवं आयोगों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मोदी विश्व के लोकप्रिय नेताओं में से एक
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्व के लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं और ‘मन की बात के माध्यम से वे सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक आयामों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देशवासियों तक पहुंचाते हैं। उनके अनुभवों का खजाना हमें यह सीख देता है कि ‘लोकल को ग्लोबल कैसे बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं रायपुर में मौजूद हैं और इसी दौरान हमें ‘मन की बात सुनने का अवसर मिला।




