
Monsoon Session रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र का आज (गुरुवार) चौथा दिन है। आज सदन में भारतमाला प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण में हुई गड़बड़ी पर सदन में बहस होगी। सदन में आज सरकार की तरफ से आधा दर्जन संशोधन विधेयक भी पेश किए जाएंगे।
कौशिक के ध्यानाकर्षण के जरिये होगी भारत माला पर चर्चा
रायपुर से विशाखापट्टनम तक बन रहे भारत मामला प्रोजेक्ट लिए जमीन अधिग्रहण में हुई गड़बड़ी को लेकर भाजपा के वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने ध्यानाकषर्ण की सूचना दी है। सदन में आज इसी सूचना पर चर्चा होगी। मामला करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार से जुड़ा है। ऐसे में इस विषय पर सदन गरमाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
बता दें कि इस मामले में ईओडब्ल्यू की जांच चल रही है। विधानसभा के पिछले सत्र में विपक्ष की तरफ से इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की गई थी। नेताप्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस विषय को उठाया था। सरकार ने मामला सीबीआई को सौंपने की बजाय ईओडब्ल्यू को सौंप दिया।
Monsoon Session ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी बनाए जाने पर आपत्ति
ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी बनाए जाने को लेकर राघवेंद्र कुमार सिंह ने ध्यानाकर्षण की सूचना सदन को दी है। इस पर आज सदन में चर्चा होगी। इस विषय पर पंचायत विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सदन में शासन का पक्ष रखेंगे।
Monsoon Session मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री पेश करेंगे संशोधन विधेयक
सदन में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा संशोधन विधेयक प्रस्तुत करेंगे। इन संशोधन विधेयकों पर सदन में आज ही चर्चा होगी। साय की तरफ से निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, राजस्व मंत्री वर्मा शहरी क्षेत्रों में आवासहीनों को पट्टा देने के नियमों में बदलाव के लिए संशोधन विधेयक पेश करेंगे।




