
Naxalite encounter बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। भैरमगढ़-जांगला-नैमेड के सरहदी जंगलों में दो दिनों से जारी मुठभेड़ में फोर्स ने 18 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। कचीलवार-पोटेनार क्षेत्र में मारे गए नक्सलियों में People’s Liberation Guerrilla Army पीएलजीए की कंपनी नंबर 02 के शीर्ष कमांडर भी शामिल है।
खुफिया सूचना के बाद ऑपरेशन
पुलिस अफसरों ने बताया कि नक्सलियों की भारी उपस्थिति की खुफिया सूचना के आधार पर बीजापुर व दंतेवाड़ा डीआरजी के साथ एसटीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त पार्टी सर्चिंग पर निकली थी। पार्टी के कचीलवार-पोटेनार क्षेत्र पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। फोर्स की तरफ से जवाबी कार्यवाही की गई।
झीरम घाटी हमले में शामिल था वेल्ला
इसमें पीएलजीए कंपनी नंबर 02 के इंचार्ज वेल्ला मोड़ियम मारा गया। वेल्ला के खिलाफ बीजापुर और आसपास के थाना क्षेत्रों में 44 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वह 2013 झीरम घाटी हमला, 2019 केशकुतुल हमला, 2020 मिनपा कैंप अटैक, 2021 टेकलगुड़ियम मुठभेड़ और 2024 धरमाराम कैंप अटैक जैसे कई खूनी वारदातों का आरोपी रहा है।
मारे गए नक्सलियों की हुई पहचान
मारे गए नक्सलियों की पचान रैनू ओयाम, सन्नू अवलम, नन्दा मीड़ियम, लालू ऊर्फ सीताराम, राजू पूनेम, कामेश कवासी, लक्ष्मी ताती, बंडी मार्डवी, सुखी लेकाम, सोमड़ी कुंजाम, चंदू कुरसम, मासे ऊर्फ शांति, रीना मरकाम, सोनी मार्डवी और संगीता पदम के रुप में की गई है।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए। इसमें 1 एलएमजी, एके-47 रायफल, 4 एसएलआर, 1 इंसास, .303 रायफलें, 2 बीएलजी लॉन्चर, सिंगल शॉट, 12 बोर, ऑटोमैटिक हथियार, गोला-बारूद, रेडियो सेट, स्कैनर, मल्टीमीटर, ग्रेनेड, सेफ्टी फ्यूज, वर्दी, मेडिकल सामग्री और माओवादी साहित्य शामिल हैं। बरामद हथियारों का जखीरा बताता है कि माओवादी किसी बड़े हमले की योजना बना रहे थे, जिसे सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया।
तीन जवान बलिदान
इस ऑपरेशन में बीजापुर के तीन जवान प्रधान आरक्षक मोहन बड़दी, आरक्षक दुकारूराम गोंदे और जवान रमेश सोढ़ी वीरगति को प्राप्त हुए। बीजापुर जिला मुख्यालय में शहीद वाटिका में सभी वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बलिदानियों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके गृह ग्रामों के लिए रवाना किया गया।
तीन जवान घायल
मुठभेड़ में जनार्दन कोरम, आरक्षक सोनदेव यादव और आरक्षक रामलू हेमला घालय हुए हैं। इन्हें हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा गया। सभी घायल जवान खतरे से बाहर हैं।
जिले में अब तक 161 नक्सली ढेर
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव Dr. Jitendra Yadav ने बताया कि वर्ष 2025 में बीजापुर में किए गए अभियानों में 161 नक्सली ढेर, 546 गिरफ्तार और 560 ने सरेंडर किया है। जनवरी 2024 से अब तक जिले में कुल 219 नक्सली मारे, 1049 गिरफ्तार और 790 ने हथियार छोड़ा है।
माओवादी अब पूरी तरह कमजोर हो चुके हैं और संगठन के पास हिंसा छोड़ मुख्यधारा में लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। बस्तर अब निर्णायक नक्सल-मुक्ति के दौर में प्रवेश कर चुका है। यह मुठभेड़ माओवादी संगठन के ढांचे और नेतृत्व पर एक और बड़ी चोट मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में शांति स्थापना के प्रयास और मजबूत हुए हैं।
– पी. सुंदरराज आईजी बस्तर रेंज
माओवादी अब पूरी तरह कमजोर हो चुके हैं और संगठन के पास हिंसा छोड़ मुख्यधारा में लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। बस्तर अब निर्णायक नक्सल-मुक्ति के दौर में प्रवेश कर चुका है। यह मुठभेड़ माओवादी संगठन के ढांचे और नेतृत्व पर एक और बड़ी चोट मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में शांति स्थापना के प्रयास और मजबूत हुए हैं।


