
Naxalite रायपुर। बस्तर में सक्रिय नक्सलियों के बड़े नक्सली लीडरों में शामिल देवा बारसे ने शनिवार को हैदराबाद में तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमपर्ण किया। गुरिल्लावार में माहिर देवा के साथ उसके 19 और साथियों ने भी पुलिस को हथियार सौंपा।
आत्मसमपर्ण के दौरान देवा और उसके साथियों के हाथ में इलराइली और अमेरिकी हथियार देखकर वहां मौजूद पुलिस वाले भी चौंक गए, क्योंकि वैसे हथियार देश की सुरक्षा एजेंसियों के पास भी गिने-चुने ही हैं। देवा से पहले नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी के भी नेताओं ने सरेंडर किया, लेकिन अब तक एके 47 से बड़ा हथियार किसी ने पुलिस को नहीं सौंपा था।
तावोर और एम4 राइयफल के साथ पहुंचे नक्सली
आत्मसमपर्ण के दौरान देवा ने तावोर असाल्ट रायफल सौंपा, जबकि उसके एक साथ ने कॉल्ट एम 4 रायफल के साथ सरेंडर किया। पुलिस अफसरों के अनुसार तावोर इजराइली और एम4 अमेरिकी में बना हथियार है। बताया जा रहा है कि तावोर रायफल भारतीय सेना के साथ ही बस्तर में तैनात कोबरा बटालियन के पास है, लेकिन अमेरिकी रायफल एम4 भारतीय सुरक्षाबलों के पास गिने-चुने ही हैं।
सुरक्षाबलों का हर हथियार नक्सलियों के पास
बस्तर में लंबे समय तक पदस्थ रहे छत्तीसगढ़ पुलिस के एक आला अफसर के अनुसार नक्सलियों के पास वो सभी हथियार और उपकरण उपलब्ध हैं, जो वहां तैनात पुलिस और अद्र्ध सैनिक बलों के पास है। इसमें सुरक्षाबलों के हथियार से लेकर नाइट विजन डिवाइस आदि शामिल है। अफसर ने स्पष्ट किया कि मुठभेड़ के बाद नक्सली जवानों का हथियार, कारतूस, उपकरण, जूता सहित पूरी वर्दी लेकर भाग जाते हैं। लेकिन एम4 रायफल बस्तर में किसी भी सुरक्षा एजेंसी के पास नहीं है।
चर्चा में नक्सलियों का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क
नक्सलियों के पास इजराइली और अमेरिकी मिलने से फिर एक बार उनके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की चर्चा होने लगी है। उल्लेखनीय है कि नेपाल के रास्ते नक्सलियों को विदेशी मद्द मिलने की पहले काफी चर्चा होती थी। इसी तरह श्रीलंका में सक्रिय रही आतंकवादी संगठन लिट्टे के साथ भी नक्सलियों के कनेक्शन सामने आ चुके हैं।
नक्सलियों का बटालियन नंबर 1 खत्म
देवा और उसकी टीम के सरेंडर करने के साथ ही नक्सलियों का सबसे खूंखार बटालियन खत्म हो गया। देवा को 2023 में इस बटालियन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। यह 2013 में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर दरभा घाटी में हुए हमले में भी शामिल था। पुलिस अफसरों ने अनुसार देवा भी माड़वी हिड़मा के पूवर्ती गांव का रहने वाला था।
सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने सौंपे ये हथियार
देवा और उसकी टीम ने तेलंगाना पुलिस को दो एलएमजी, आठ एके 47, 10 इंसास और आठ एसएलआर केसाथ एक-एक तावोर और एम4 रायफल भी सौंपा है। इसके साथ ही नक्सलियों ने चार बीएलजी, 11 अन्य हथियार व एक ग्रेनेट और 20 लाख 30 हजार नगद भी सरेंडर किया है।




