मुख्य पृष्ठ

Naxsali  केंद्रीय गृह मंत्री शाह के छत्तीसगढ़ दौरा से पहले फोर्स ने 3 नक्सलियों को किया ढेर: एक जवान भी शहीद

Naxsali  राजनांदगांव। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरा से पहले नक्सल मोर्चे पर फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा पर मुठभेड़ में सुरक्षाबल के जवानों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ शुक्रवार की सुबह गढ़चिरौली के जंगल में हुई। इस दौरान नक्सलियों की गोली लगने से एक जवान भी शहीद हो गया है।

सर्चिंग पर निकली थी पार्टी  

पुलिस अफसरों ने बताया कि नक्सलियों के जमवाड़े की सूचना पर सर्चिंग अभियान चलाया गया था। इस अभियान में महाराष्ट्र के सी 60 के कमांडो शामिल थे। शुक्रवार की सुबह फोर्स का नक्सलियों के साथ आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ के बाद एक महिला समेत तीन नक्सलियों का शव बरामद किया गया है। मौके से एके-47 और एक एसएलआर राइफल बरामद की गई है।

घायल जवान खतरे से बाहर

पुलिस अफसरों ने बताया कि शहीद होने वाले जवान का नाम दीपक चिन्ना मदावी है। दीपक चिन्ना गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ तहसील का रहने वाला था। इस मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ, उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एक दिन पहले बीजापुर में मारा गया था कमांडर

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को बीजापुर में फोर्स ने नक्सलियों के एक कमांडर को मार गिराया था। मारे गए नक्सली कमांडर का नाम उधम सिंह है।

शनिवार की शाम को रायपुर पहुंचेंगे शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार की शाम को रायपुर आ रहे हैं। वे यहां नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा करने के साथ ही बस्तर पंडूम के उद्घाटन में शामिल होगें। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नौ फरवरी को नई दिल्ली लौटेगें। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश से 31 मार्च तक नक्सलवाद के खात्मे का लक्ष्य तय किया है।

Back to top button