Site icon Chatur Post

NPL वन विभाग की टीम बनी नवा रायपुर प्रीमियर की विजेता: मनोज और नमन की आक्रामक बल्लेबाजी ने बनाया चैंपियन  

NPL वन विभाग की टीम बनी नवा रायपुर प्रीमियर की विजेता: मनोज और नमन की आक्रामक बल्लेबाजी ने बनाया चैंपियन

NPL नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ और संचालनालयीन शासकीय कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में नवा रायपुर में नवा रायपुर प्रीमियर लीग (एनपीएल) का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संचालनालय, मंत्रालय, निगम, बोर्ड एवं आयोगों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

आयोजन की सराहना

नवा रायपुर प्रीमियर लीग के संयोजक कमल वर्मा, सह-संयोजक जय कुमार साहू और संतोष कुमार वर्मा ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर बताया कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि नवीन मार्कण्डेय (पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री) ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं शासकीय सेवकों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी परिचय बढ़ाने के साथ-साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी सहायक होती हैं। उन्होंने आगामी आयोजन में अन्य खेलों को भी शामिल करने का सुझाव दिया।

उत्‍कृष्‍ट खिलाड़ि‍यों को मंच देने का प्रयास

अपने स्वागत भाषण में संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न विभागों व मंत्रालयों में कार्यरत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि शासकीय सेवक प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

क्रिकेट प्रतियोगिता के प्रभारी संतोष कुमार वर्मा ने सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने हेतु सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन देवाशीष दास ने किया।

फाइनल मैच का रोमांचक विवरण

फाइनल मुकाबला वन विभाग और रायपुर विकास प्राधिकरण-11 के मध्य खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वन विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। इसमें मनोज ने 63 रन तथा नमन ने 26 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रायपुर विकास प्राधिकरण-11 की ओर से राजेंद्र ने 17 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए रायपुर विकास प्राधिकरण-11 की टीम वन विभाग की घातक गेंदबाजी के सामने मात्र 37 रन पर सिमट गई। वन विभाग की ओर से मनोज ने 5 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट लिए, वहीं यशवंत ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 7 रन देकर 3 विकेट झटके।

शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन के लिए मनोज सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

इनकी रही उपस्थिति

इस गरिमामय आयोजन में राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष और  एनपीएल संयोजक  कमल वर्मा, संचालनालय विभागाध्यक्ष कर्मचारी संघ के अध्यक्ष व सह-संयोजक  जय कुमार साहू, कार्यकारी अध्यक्ष और क्रिकेट प्रतियोगिता प्रभारी संतोष कुमार वर्मा सहित देवाशीष दास, सुनील उपाध्याय, लोकेश वर्मा, महेंद्र साहू, आकाश त्रिपाठी, अमित शर्मा, गालव चंद्राकर, सुरेश ढीढी, जगदीप बजाज, अमित चंद्राकर, विष्णु पाटेकर, राघव, रमन साहू और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version