Operation Mahadev रायपुर। जम्मू- कश्मीर के पहलगाम निर्दोष लोगों पर गोलियां बरसाने वाले तीन आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। सुरक्षाबलों को मिली इस बड़ी सफलता पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसके लिए सेना, अर्द्ध सैनिक बल और राज्य पुलिस के जवानों को बधाई दी है।
विष्णुदेव ने इस संबंध में एक्स पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि ऑपरेशन महादेव में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को मार गिराया है। सेना के पराक्रम से पहलगाम आतंकी हमले के 3 गुनहगार सजा पा चुके हैं। मैं हमारे सुरक्षाबलों के शौर्य को नमन करता हूं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने कहा है कि ऑपरेशन महादेव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प का सशक्त परिणाम है और यह आतंक के विरुद्ध भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया है ।
विष्णुदेव ने कहा कि सेना का यह ऑपरेशन मात्र एक कार्रवाई नहीं यह संदेश है उन सभी दुश्मनों को, जो भारत की भूमि पर आतंकी मंसूबे लेकर आते हैं। भारतीय सेना के वीर जवानों को पुनः नमन, जिन्होंने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। आपका पराक्रम हर देशवासी के हृदय में विश्वास और गर्व की भावना भर देता है।
बता दें कि पहलगाम में अतांकवादियों ने पर्यटकों उनके परिवार वालों के सामने गोली मार दी थी। इसमें 26 पर्यटकों की मौत हुई थी। इनमें एक नेपाली व 25 भारतीय पर्यटक शामिल थे। पर्यटकों को गोली मारने से पहले आतंकवादियों ने उनका धर्म पूछ-पूछ कर मारा था।
पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या करने वाले आतंकवादियों की तलाश में सेना, सीआरपीएफ और जम्मू पुलिस ने संयुक्त अभियान चला रखा था, जिसे ऑपरेशन महादेव नाम दिया गया था।
पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीनों आतंकवादियों के मारे जाने की सूचना संसद के मानसून सत्र के दौरान आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में दी। लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चल रही चर्चा में शामिल केंद्रीय गृह मंत्री ने सदन को बताया कि हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है।
पहलगाम अतांकी हमले के बाद भारत सरकार की तरफ से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संसद में चर्चा चल रही है। ससंद में यह चर्चा सोमवार को शुरू हुई जो आज मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। आज सदन में सरकार की तरफ से गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस की तरफ से प्रियंका वाड्रा प्रमुख वक्ता रहे।
संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी आज सदन में इस विषय पर भाषण दिया। ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान सदन में दोनों तरफ से जमकर हमले हुए। सदन में चर्चा का उत्तर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देंगे।