OPS बिजली कंपनी में ओपीएस की बहाली के संकेत: महासंघ के साथ बैठक में चेयरमैन डॉ. रोहित यादव ने बताया…

schedule
2025-10-17 | 16:17h
update
2025-10-17 | 16:25h
person
chaturpost.com
domain
chaturpost.com

OPS  रायपुर। छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली कंपनियों में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली हो सकती है। यह संकेत शुक्रवार को महासंघ के प्रतनिधियों के साथ वार्ता के दौरान पॉवर कंपनी के चेयरमैन डॉ. रोहित यादव ने दिए।

सकारात्क रही बैठक

बता दें कि छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ विभिन्न मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहा है। 09 अक्टूबर के विशाल आमसभा और धरना प्रदर्शन के बाद 10 अक्टूबर से निरंतर अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना प्रदर्शन के दबाव में आज 17 अक्टूबर को महासंघ के प्रतिनिधियों की विद्युत कंपनी के चेयरमैन से द्विपक्षीय वार्ता सम्पन्न हुई।

पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग

द्विपक्षीय वार्ता में अखिल भारतीय मंत्री और उद्योग प्रभारी राधेश्याम जायसवाल ने 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के पुरानी पेंशन बहाली और संविदा नियमितीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए विद्युत कंपनी के अध्यक्ष को विस्तार से अवगत कराया।

पुरानी पेंशन योजना पर चेयरमैन ने दी यह जानकारी

इस पर विद्युत कंपनी के अध्यक्ष  रोहित यादव ने पुरानी पेंशन बहाली के संबंध में बताया कि महासंघ की अतिमहत्वपूर्ण मांग पुरानी पेंशन बहाली के संबंध में राज्य सरकार के शीर्षस्थ अधिकारियों की तरफ से गंभीरता पूर्वक सकारात्मक निर्णय लेने के संबंध में सहमति बन गई है। इसे शीघ्र ही अनुमोदन के लिए शीर्ष कार्यालय प्रेषित कर दिया जाएगा, अनुमोदन प्राप्ति के पश्चात पुरानी पेंशन बहाली कर दी जाएगी।  

OPS  इन मांगों पर बनी सहमति

इसी प्रकार संविदा नियमितीकरण के मुद्दे महासंघ की ओर से समान काम समान वेतन की मांग करते हुए संविदा नियमितीकरण किए जाने पर जोर दिया गया, जिसके बारे में अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने बताया गया कि संविदा नियमितीकरण प्रक्रियाधीन है। संविदा नियमितीकरण होने तक संविदा कर्मचारियों के वेतन में महासंघ के सुझावों पर सकारात्मक विचार कर निर्णय लेते हुए सम्मानजक वेतन बढ़ोत्तरी करने पर सहमति बनी। साथ ही संविदा कर्मचारियों को कैशलेश चिकित्सा , राष्ट्रीय अवकाश में ड्यूटी पर अतिरिक्त वेतन भुगतान, ऑफ ड्यूटी मृत्यु पर परिवार के सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति, सामूहिक दुर्घटना बीमा कराने और अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने की भी सहमति बनी।

महासंघ की तरफ से बैठक में ये रहे शामिल

आज की इस द्विपक्षीय बैठक में संघ की ओर से अखिल भारतीय मंत्री एवं उद्योग प्रभारी भारतीय मजदूर संघ राधेश्याम जायसवाल, अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के उपमहामंत्री हरीश चौहान, कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ संजय तिवारी, प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ, कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा, कोषाध्यक्ष कोमल देवांगन, संयुक्त महामंत्री शिवेंद्र केशव दुबे, कार्यालय मंत्री चेतनानंद दुबे और संविदा कर्मचारी संघ के महामंत्री कमलेश भारद्वाज उपस्थित रहे। वहीं प्रबंधन की ओर से चेयरमैन डॉ रोहित यादव, तीनों कंपनी के प्रबंध निदेशक, तीनों कंपनी के महाप्रबंधक (एच.आर.) सहित महाप्रबंधक (औद्योगिक सम्बन्ध) गोपाल खंडेलवाल एवं प्रबंधक अतुल कुमार तिवारी उपस्थित हुए।

OPS  चरणबद्ध आंदोलन समाप्ति की घोषणा

प्रबंधन के द्वारा लिखित में पत्र मिलने के बाद अखिल भारतीय मंत्री एवं उद्योग प्रभारी राधेश्याम जायसवाल ने अपने उद्बोधन में महासंघ के चरणबद्ध आंदोलन की सफलता के लिए महासंघ के सभी पदाधिकारी, सदस्यों, क्षेत्रीय पदाधिकारी, सदस्यों को बधाई दिए, वहीं धरना कार्यक्रम को सफल बनाने रायपुर क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ताओं को सपरिवार धन्यवाद ज्ञापित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष संजय तिवारी ने कंपनी प्रबंधन के द्वारा महासंघ के ज्वलंत मांगों को पूर्ण किए जाने के लिए लिखित में पत्र मिलने के पश्चात समस्त कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए अनिश्चितकालीन धरना स्थगित करने की घोषणा की गई।

chatur postOctober 17, 2025
2,290 2 minutes read
Follow Us
Imprint
Responsible for the content:
chaturpost.com
Privacy & Terms of Use:
chaturpost.com
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
04.03.2026 - 05:22:24
Privacy-Data & cookie usage: