
Pensioners Association बेमेतरा। छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन के बेमेतरा की शनिवार को बैठक हुई। इसमें जिला कार्यकारणी का चुनाव संपन्न हुआ। इसके साथ ही बिजली कंपनी के पेंशनर्स की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान 30 जून को राज्य विद्युत नियामक आयोग में बिजली दरों के प्रस्ताव पर होने वाली जन सुनवाई में पेंशनर्स का पक्ष रखने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

Pensioners Association पेंशनर्स एसोसिएशन के बेमेतरा जिला का चुनाव
छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय महासचिव सुधीर नायक और अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में एसोसिएशन की बेमेतरा जिला इकाई का चुनाव हुआ। इसमें अजय मिश्रा को बेमेतरा का अध्यक्ष चुना गया। केके वर्मा जिला सचिव, केके सोनी जिला उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। जिला कार्यकारिणी में कुल 21 लोगों को शामिल किया गया है।
Pensioners Association सेवानिवृत्त साथियों का किया गया सम्मान
छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन की बेमेतरा में शनिवार को हुई सम्मलेन में बिजली कंपनियों से सेवानिवृत्त हुए 21 साथियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बिजली कंपनियों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ ही अन्य कर्मचारी और शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे। सम्मेलन को प्रदेश महासचिव सुधीर नायक के साथ ही अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

30 प्रतिशत ग्रांट बढ़ाने की मांग को लेकर फिर जाएंगे आयोग
सरकारी बिजली कंपनियों के पेंशनर्स अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। पूरे देश में जिस तरह से पावर सेक्टर के निजीकरण की कोशिशें चल रही है, उससे पेंशनर्स को अपना पेंशन भी खतरे में दिख रहा है। इधर पेंशनर्स एसोसिएशन की तरफ से विद्युत नियामक आयोग के सामने पेंशन ट्रस्ट में एक मुश्त 10 हजार रुपए डालने इसके लिए ग्रांट में 30 फीसदी की बढ़ोतरी करने की मांग की जा रही है। टैरिफ पर पिछली जनसुनवाई के दौरान एसोसिएशन की तरफ से महासचिव सुधीर नायक ने यह मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया था। आयोग ने 30 जून को फिर से जनसुनवाई के लिए तारीख तय की है। ऐसे में पेंशनर्स एसोसिएशन की तरफ से फिर इस मांग को रखा जाएगा। बेमेतरा की बैठक में इस पर भी विचार किया गया।




