Pensioners रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों पेंशनर्स मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49 से आजाद हो सकते हैं। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रथम अधिवेशन में भाजपा विधायक और सेवानिवृत्त आईएएस नीलकंठ टेकाम ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है।
पेंशनर्स महासंघ का प्रथम अधिवेशन रायपुर में हुआ। कार्यक्रम में केशकाल MLA और सेवानिवृत्त IAS टेकाम मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए। टेकाम ने कहा कि मुझे यह जानकर खुशी हुई कि प्रदेश में राष्ट्रीय विचार धारा को लेकर वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों के बीच यह काम करने वाला एकमात्र संगठन है। यह संगठन सेवानिवृत कर्मचारियों के समस्याओं को दूर करने का प्रयास तो करता ही है साथ ही उनमें देशभक्ति का भाव जगाने का भी काम करता है।
BJP MLA टेकाम ने कहा कि राज्य में पेंशनरों की मुख्य समस्या मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49 है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस धारा को विलोपित करने के लिए विधानसभा में शासकीय संकल्प पारित करने की दिशा में उचित कदम उठाएंगे।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत IAS अनुराग पाण्डे ने कहा कि इस तरह के आयोजन से संगठन में मजबूती आता है, कार्य को गति के लिए नई ऊर्जा का संचार होता है। मेलमिलाप के ऐसे कार्यकम के लिए भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के पदाधिकारियों को उन्होंने बधाई दिया। उन्होंने सरकार से केन्द्र सरकार द्वारा देय तिथि से ही राज्य में भी पेंशनरों को बिना मांगे हर बार महंगाई राहत (DR) देने के आदेश कर देना चाहिए। अनावश्यक विलंब से लोगों में सरकार के प्रति नकारात्मक भाव उत्पन्न होता है।सरकार को इस भाव बचने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अधिवेशन के दौरान महासंघ का चुनवा भी संपन्न हुआ। इसमें वीरेन्द्र नामदेव को सर्वसम्मति से पुन: अध्यक्ष चुना गया। नामदेव को तीन वर्ष के लिए एक बार फिर प्रांताध्यक्ष के पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया। अधिवेशन के संगठन सत्र में निर्वाचन अधिकारी के रूप में अखिल भारतीय विद्युत सेवानिवृत कर्मचारी महासंघ के महामंत्री अरुण देवांगन शामिल हुए। उन्होंने पेंशनरों को संबोधित किया। प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी ने प्रतिवेदन और कोषाध्यक्ष बीएस दसमेर के आय व्यय प्रस्तुत किया। इसके बाद सहायक निर्वाचन अधिकारी रविकांत जायसवाल ने निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई।
इस अधिवेशन में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष द्वय द्रौपदी यादव जशपुर, बीके वर्मा दुर्ग और राष्ट्रीय मंत्री द्वय आरएन ताटी जगदलपुर, पूरन सिंह पटेल रायपुर पूरे कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय पर्यवेक्षक के रूप में मंच पर उपस्थित रहे।
प्रांताध्यक्ष निर्वाचित घोषित होने के बाद वीरेन्द्र नामदेव ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए पेंशनरों की राज्य सरकार द्वारा की जा रही उपेक्षा पर असंतोष जताया तथा पेंशनरों के सभी ज्वलंत मुद्दों पर प्रकाश डाला और इनके निराकरण के लिए संघर्ष के लिए तैयार रहने का आव्हान किया। अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में आभार प्रदर्शन सेवानिवृत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक अनिल पाठक ने संगठन सत्र के बाद कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे पी मिश्रा ने आभार प्रदर्शन किया। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल मंच संचालन रायपुर से संभागीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार त्रिवेदी ने शरद काले के साथ पूरा किया।