PM Surya Ghar रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य सरकार भी अपनी तरफ से सब्सिडी दे रही है। राज्य सरकार की तरफ से 30 हजार रुपए तक सब्सिडी दी जा रही है, लेकिन कई उपभोक्ताओं को राज्य सरकार की सब्सिडी अब तक नहीं मिली है, जबकि सब्सिडी जारी हुए करीब डेढ़ महीने से ज्यादा का समय निकल गया है।
छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से योजना में सब्सिडी की घोषणा के बाद 8 सितंबर को पहली बार सब्सिडी जारी की गई। इसके लिए राजधानी के पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि थे। सीएम ने ही बटन दबाकर योजना के हितग्राहियों को सब्सिडी जारी किया था।
इस कार्यक्रम में एक अप्रैल 2025 के बाद घरों की छतों पर योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने वाले 618 उपभोक्ताओं को सब्सिडी जारी की गई। पावर कंपनी की तरफ से बताया गया कि इन उपभोक्ताओं को कुल एक करोड़ 85 लाख रुपए जारी किया गया है। इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेशभर से उपभोक्ताओं को बुलाया गया था।
बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम को हुए करीब डेढ़ महीने बीत गया है, लेकिन दर्जनों उपभोक्ताओं के बैंक खातों में सब्सिडी की राशि नहीं पहुंची है। ऐसे उपभोक्ता मैदानी बिजली कार्यालयों से लेकर कंपनी मुख्यालय तक संपर्क कर रहे हैं, लेकिन कहीं से संतोषप्रद उत्तर नहीं मिल रहा है।
उपभोक्ताओं के अनुसार सब्सिडी नहीं आने के संबंध में मैदानी कार्यालयों के अफसर कह रहे हैं सरकारी काम है धीरे-धीरे होता है। साथ ही मुख्यालय में नोडल अफसर से बात करने की सलाह दे रहे हैं। वहीं, मुख्यालय के अफसर कह रहे हैं कि सब्सिडी कंपनी जारी नहीं की रही है, यह ऊर्जा विभाग कर रहा है। ऐसे में सब्सिडी क्यों नहीं मिल रही है, यह ऊर्जा विभाग के अफसर ही बता सकते हैं।
उपभोक्ताओं को अब तक सब्सिडी की राशि क्यों नहीं मिल पाई है, इसको लेकर कंपनी या ऊर्जा विभाग का अधिकृत पक्ष प्राप्त नहीं हुआ है। इस मामले में कंपनी या ऊर्जा विभाग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।