PM Surya Ghar Yojana रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में सब्सिडी देने का फैसला किया है। यह सब्सिडी केंद्र सरकार की तरफ से दी जा रही राहत के अतिरिक्त होगी। इससे तीन किलो वॉट तक सोलर प्लांट लगाने पर अब एक लाख रुपए से ज्यादा की सब्सिडी मिलेगी।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए राज्य सरकार की तरफ से सब्सिडी देने का फैसला बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया। बता दें कि राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के बजट में इस योजना में सब्सिडी देने के लिए राशि का प्रवधान किया था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में सब्सिडी देने का फैसला किया है। कैबिनेट में लिए गए फैसले के अनुसार राज्य सरकार की तरफ से दी जाने वाली सब्सिडी एक अप्रैल 2025 से लागू होगी।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार की तरफ से एक, दो और तीन किलो वॉट के घरेलू सोलर प्लांट पर सब्सिडी दी जा रही है। केंद्र सरकार एक किलो वाट पर 30 हजार रुपए सब्सिडी दे रही है। राज्य सरकार की तरफ से एक किलो वाट पर 15 हजार रुपए सब्सिडी देने का फैसला किया है। इससे राज्य में एक किलो वॉट का सोलर प्लांट लगाने वालों को अब 45 हजार रुपए सब्सिडी मिलेगी।
3 किलो वॉट के सोलर प्लांट पर केंद्र सरकार की तरफ से 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जाती है। छत्तीसगढ़ सरकार ने तीन किलो वॉट के सोलर प्लांट पर अपनी तरफ से 30 हजार रुपए अतिरिक्त सब्सिडी देने का फैसला किया है। इस तरह छत्तीसगढ़ में तीन किलो वॉट का सोलर प्लांट लगाने वालों को अब एक लाख 8 हजार रुपए सब्सिडी मिलेगी।
कैबिनेट में लिए गए फैसले के अनुसार इस योजना का लाभ हाउसिंग सोसाइटी और रेसिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन को भी इसी तरह सहायकता दी जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना के तहत छत्तीगसढ़ में चालू वित्तीय वर्ष में 60 हजार प्लांट लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, 2026-27 के लिए राज्य सरकार ने 70 हजार सोलर पावर प्लांट लक्ष्य रखा गया है।
कैबिनेट ने राज्य में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया है।