जॉब करिअर

Power company पावर कंपनी ने दूर की किसानों की चिंता: उपकेंद्र की बढ़ी क्षमता, MD शुक्ला बोले- मुख्यमंत्री के नेतृत्व में…

Power company  रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज बिजली उपभोक्ताओं और किसानों के लिए अधोसंरचना को निरंतर अपग्रेड कर रही है। इस दिशा में ट्रांसमिशन कंपनी ने मसोरा स्थित 132 केवी अतिउच्च दाब उपकेंद्र में 63 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया। इसका लाभ कोंडागांव जिले के 21 हजार किसानों को मिलेगा, जो ग्रीष्मकाल में फसलचक्र परिवर्तन को अपनाकर मक्के की खेती कर रहे हैं। साथ ही आदिवासी क्षेत्र के डेढ़ लाख उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति हो सकेगी।

आदिवासी व वनांचल क्षेत्रों में तेजी से हो रहा है काम

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला के इस मौके पर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आदिवासी व वनांचल क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को कार्य तीव्र गति से किए जा रहे हैं। इसी के तहत कोंडगांव जिले के 132/33 केवी उपकेंद्र मसोरा में 8.5 करोड़ की लागत से स्थापित 63 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफॉर्मर सफलतापूर्वक उर्जीकृत किया गया। इस उपकेंद्र मसोरा में पूर्व से 40 एमवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफॉर्मर कार्यरत थे, जिनसे 33 केवी के कुल 8 फीडर निकलते हैं।

इस क्षेत्र को होगी बिजली आपूर्ति

इन फीडरों के माध्यम से कोंडागांव जिला के कोंडागांव, फरसगांव और माकड़ी ब्लॉक के संपूर्ण क्षेत्र तथा बड़ेराजपुर ब्लॉक के आंशिक क्षेत्र को बिजली आपूर्ति की जाती है। वहीं, जिले के केशकाल ब्लॉक का संपूर्ण क्षेत्र एवं बड़ेराजपुर ब्लॉक का शेष भाग 132/33 केवी उपकेंद्र कांकेर से बिजली आपूर्ति प्राप्त करता है।

अब नहीं होगी बिजली की समस्या

डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के मुख्य अभियंता (जगदलपुर क्षेत्र)टीके मेश्राम ने बताया कि कोंडागांव जिले में रबी सीजन के दौरान मक्के की व्यापक खेती होने के कारण ग्रीष्म ऋतु में सिंचाई के लिए बिजली की मांग अत्यधिक बढ़ जाती थी। इसके परिणामस्वरूप उपकेंद्र मसोरा पर ओवरलोड की स्थिति उत्पन्न होती थी, जिससे पूरे जिले में लो वोल्टेज और बिजली कटौती जैसी समस्याएं सामने आती थीं। क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के समक्ष किसानों ने इस समस्या के निराकरण की मांग भी की थी।

बेहतर जीवन स्तर की दिशा में एक सशक्त कदम

अब 63 एमवीए अतिरिक्त पावर ट्रांसफॉर्मर के उर्जीकृत होने से उपकेंद्र मसोरा की कुल क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे जिले में विद्युत आपूर्ति स्थिर, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण होगी, ग्रीष्म ऋतु में होने वाली लो वोल्टेज और कटौती की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी तथा कृषि, घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ प्राप्त होगा। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि कोंडागांव जिले के समग्र विकास, किसानों की सिंचाई सुविधा, तथा आम नागरिकों के बेहतर जीवन स्तर की दिशा में एक सशक्त कदम है।

 इस अवसर पर ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता अब्राहम वर्गीस, संजय तिवारी, अधीक्षण अभियंता एचके सूर्यवंशी, कतलम, कार्यपालन अभियंता पीवी राजेश सहित ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Back to top button