September 21, 2024

Chatur Post

केवल सरोकार की खबर

Pradhikaran: छत्‍तीसगढ़ में प्राधिकरणों से शुरू हुआ निगम-मंडलों में नियुक्ति का सिलसिला, इन नेताओं को मिली कुर्सी

1 min read

Pradhikaran: रायपुर। प्रदेश की विष्‍णुदेव साय सरकार ने निगम, मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्ति शुरू कर दी है। पहले चरण में प्राधिकरणों में नियुक्ति दी जा रही है। पहले चरण में पांच प्राधिकरणों में उपाध्‍यक्षों की नियुक्ति की गई है। इन प्राधिकरणों के मुख्‍यमंत्री पदेन अध्‍यक्ष होते हैं। प्राधिकरणों में नियुक्ति आदेश जारी होने के साथ ही अब निगम-मंडलों में नियुक्ति का आदेश जल्‍द ही जारी होने की उम्‍मीद की जा रही है।

Pradhikaran: अभी विधायकों को मिली कुर्सी

पहले चरण में जिन पांच लोगों को प्राधिकरणों में उपाध्‍यक्ष की कुर्सी दी गई है वे सभी विधायक हैं। इनमें आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब, पत्‍थलगांव विधायक गोमती साय, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्‍ची और दुर्ग ग्रामीण से विधायक ललित चंद्राकर का नाम शामिल हैं।

Pradhikaran: जानिए.. कौन बना अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्‍यक्ष

सरकार ने आरंग सीट से विधायक गुरु खुशवंत साहेब को अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्‍यक्ष नियुक्‍त किया है। खुशवंत पहली बार विधायक चुने गए हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्‍होंने तत्‍काली सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे शिव कुमार डहरिया को हराया है।

Pradhikaran: जानिए.. किसे बनाया गया बस्‍तर विकास प्राधिकरण का उपाध्‍यक्ष

बस्‍तर विकास प्राधिकरण के उपाध्‍यक्ष की जिम्‍मेदारी कोंडागांव विधायक लता उसेंडी को दी गई है। लता उसेंडी डॉ. रमन सिंह की सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रह चुकी हैं। इस बार उन्‍होंने भूपेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष मोहन मरकाम को हराया है।

Pradhikaran: जानिए.. गोमती साय को मिली कौन सी जिम्‍मेदारी

पत्‍थलगांव से पहली बार विधायक चुनी गई गोमती साय को सरगुजा विकास प्राधिकरण का उपाध्‍यक्ष बनाया गया है। गोमती साय 2019 में रायगढ़ सीट से पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ी थीं। सांसद रहते भाजपा ने उन्‍हें विधानसभा का टिकट दिया था। अब वे सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्‍यक्ष बनाई गई हैं।

Pradhikaran: जानिए.. कौन है ग्रामीण एवं अन्‍य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण का उपाध्‍यक्ष

छत्‍तीगसढ़ ग्रामीण एवं अन्‍य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्‍यक्ष की जिम्‍मेदारी ललित चंद्राकर को दी गई है। चंद्राकर दुर्ग ग्रामीण सीट से पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। उन्‍होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के दिग्‍गज नेता और तत्‍कालीन गृह मंत्री ताम्रध्‍वज साहू को हराया था।

Pradhikaran: जानिए.. प्रणव कुमार मरपच्‍ची को मिली कौन सी जिम्‍मेदारी

मरवाही सीट से पहली बार विधायक चुने गए प्रणव कुमार मरपच्‍ची को मध्‍य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण का उपाध्‍यक्ष बनाया गया है। छत्‍तीगसढ़ राज्‍य बनने के बाद मरवाही सीट से जीत दर्ज करने वाले प्रवण पहले विधायक हैं। इससे पहले यह सीट जोगी परिवार के पास था, जबकि पूर्व सीएम अजीत जोगी के निधन के बाद हुए उप चुनाव में यहां से कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।

Pradhikaran: जानिए… कब होगी निगम- मंडलों में नियुक्ति

प्राधिकरणों में विधायकों की नियुक्ति के साथ ही अब निगम- मंडलों में भी जल्‍द ही नियुक्ति का सि‍लसिला शुरू होने की उम्‍मीद की जा रही है। बताया जा रहा है कि निगम- मंडलों में नियुक्ति की पहली सूची तैयार हो चुकी है। संगठन और राष्‍ट्रीय नेतृत्‍व से मंजूरी के बाद इसे जारी किया जाएगा।

Pradhikaran: जानिए.. कब होगा साय मंत्रिमंडल का विस्‍तार

विष्‍णुदेव साय की कैबिनेट में दो मंत्रियों के पद अभी खाली हैं। एक पद पहले से रिक्‍त रखा गया था, दूसरा बृजमोहन अग्रवाल के इस्‍तीफे की वजह से खाली हुआ है। माना जा रहा है कि नवरात्र के आसपास साय कैबिनेट का विस्‍तार किया जा सकता है। इसके साथ ही कैबिनेट में खाली पड़े दोनों पदों पर मंत्रियों की नियुक्ति हो जाएगी। इसके साथ ही विधानसभा उपाध्‍यक्ष के पद पर भी नियुक्ति होनी है। इसको लेकर भी अलटकों का दौर चल रहा है।

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Developed & Hosted By: Simpli Life .