
Raipur News रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित आबकारी कार्यालया में आगजनी हो गई। कार्यालय में सोमवार से ऑडिट शुरू होना था, उससे पहले ही यह आग लग गई। ऐसे में घटना पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कार्यालय में लगी आग पर विभाग की तरफ से बयान जारी किया गया है।
पखवाड़ेभर पहले डीईओ ऑफिस में लगी थी आग
बता दें कि अभी पखवाड़ेभर पहले राजधानी के पेंशनबाड़ा स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी आग लगा था। इस घटना में वहां रखे सभी रिकार्ड जलकर खाक हो गए।
आबकारी कार्यालय में आग पर सवाल
आबकारी कार्यालय में लगी आग में भी दस्तावेजों के जलने की बात कही जा रही है, हालांकि विभाग की तरफ से जारी सफाई में दस्तावेजों के पूरी तरह सुरक्षित होने का दावा किया गया है।
शनिवार की रात में लगी आग
विभाग की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि करीब साढ़े 8 बजे लाभांडी स्थित आबकारी भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कारपोरेशन लिमिटेड के कार्यालय के तीसरे फ्लोर के एक कक्ष में आग लगी। यह आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी है।
Raipur News दस्तावेज सुरक्षित
विभाग की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि कार्यालय मे रखा कंप्यूटर, प्रिंटर और युपीएस जल गया है। दस्तावेजो को कोई नुकसान नहीं हुआ। वहां रखी सभी फाइलें नस्ती लोहे आलमारी में बंद थीं।
कक्ष में कोई नुकसान नहीं हुआ
विभाग की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि रात में आबकारी भवन मे ड्यूटी पर तैनात गार्ड को तृतीय तल के एक कक्ष में कुछ जलने जैसी गंध आने पर तत्काल अन्य स्टॉफ को बुलाया और मौके पर पहुंचकर कर भवन में मौजूद अंग्निरोधक उपकरणों से ही आग पर काबू पा लिया गया।




