
Raipur Police Commissioner रायपुर। छत्तीसगढ़ में लागू होने वाली पुलिस कमिश्नरी सिस्टम को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है। इस विषय पर आज कैबिनेट की बैठक में इस पर चर्चा होनी थी।
कैबिनेट की बैठक को लेकर हुई ब्रिफिंग में सरकार की तरफ से इस पर कोई जानकारी नहीं दी गई। बताया जा रहा है कि कैबिनेट के एजेंडा में यह विषय नहीं था, लेकिन सूत्रों के अनुसार कैबिनेट की बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई है। इस बीच गृह विभाग की कमान संभाल रहे डिप्टी सीएम विजय शर्मा का इसको लेकर एक बयान आया है।
जानिए- पुलिस कमिश्नरी में कहां फंसा है पेंच
रायपुर में छत्तीसगढ़ की पहली पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू करने की कवायद चल रही है। सरकार ने इसके लिए 23 जनवरी की तारीख तय की है, लेकिन बताया जा रहा है कि कमिश्नरी के क्षेत्र को लेकर पेंच फंस गया है।
केवल 21 थानों की कमिश्नरी का प्रस्ताव
अभी रायपुर और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में शामिल केवल 21 थाना क्षेत्र में ही कमिश्नरी सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव है। इसमें नवा रायपुर को भी शामिल नहीं किया गया। इतना ही नहीं मान भी पुलिस कमिश्नरी के दायरे में नहीं आ रहा है। इसी वजह से इसको लेकर इतनी मंथन चल रही है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरी पर डिप्टी सीएम का बयान
कैबिनेट की बैठक के बाद राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से पत्रकारों ने पुलिस कमिश्नरी को लेकर सवाल किया। इस पर विजय शर्मा ने बताया कि पुलिस कमिश्नरी सिस्टम पूरे रायपुर जिला में लागू करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस पर शीघ्र निर्णय लेगें।
प्रदेश में पहली पुलिस कमिश्नरी
बता दें कि छत्तीसगढ़ में पहली बार पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू की जा रही है। इस तरह की व्यवस्था देश के महानगरों कुछ गिनेचुने बड़े शहरों में लागू है। देश में सबसे पुरानी पुलिस कमिश्नरी नागपुर है।




