
Raman Singh रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को एक प्रेसवार्ता को संबोधित किया। शंकर नगर स्थित स्पीकर हाउस में आयोजित इस प्रेसवार्ता में डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में होने वाले कामकाज की जानकारी दी। इस दौरान एक सवाल को डॉ. रमन ने यह कहते हुए टाल दिया कि यह मेरे रेंज से बाहर का सवाल है।
23 फरवरी से शुरू हो रहा है सत्र
स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने बताया कि विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हो रहा है। सत्र 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 15 बैठकें होगीं।
बजट सत्र में कब क्या होगा
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने बताया कि अभिभाषण 11 बजकर 05 मिनट पर शुरू होगा। 25 फरवरी को सदन में राज्यसभा के अभिभाषण के कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
कब पेश होगा बजट
छत्तीसगढ़ का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को पेश किया जाएगा। यह विष्णुदेव साय सरकार का तीसरा बजट होगा। डॉ. रमन सिंह ने बताया कि 26 और 27 फरवरी को सदन में बजट पर सामान्य चर्चा होगी। 9 से 17 मार्च तक विभागवार चर्चा होगी।
दो नए कानून लाएगी सरकार
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि सरकार की तरफ से अब तक बजट सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले दो विधेयकों की सूचना विधानसभा सचिवालय को दी है। इसमें छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 और छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) विधेयक 2026 शामिल है।
जानिए- किस सवाल को बताया रेंज से बाहर का
प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने नई दिल्ली में भारत मंडपम में एआई सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस की तरफ से किए गए नग्न प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा। डॉ. रमन सिंह ने पहले तो हंसते हुए कहा कि कहां भारत मंडपम तक पहुंच गए, विधानसभा तक रहिए। फिर सवाल दोहराया गया तो हंसते हुए उन्होंने कहा कि यह मेरे रेंज के बाहर का सवाल है।




