Ratan Lal Dangi रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2003 बैच के आईपीएस रतनलाल डांगी पर एक पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) की पत्नी ने यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया है। महिला ने इस मामले में पुलिस मुख्यालय में लिखित शिकायत की है। आईपीएस डांगी ने आरोपों से इनकार करते हुए महिला पर बदनाम करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस मुख्यालय ने आईजी डॉ. आनंद छाबड़ा को पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी है।
इस मामले में एसआई की पत्नी ने 15 अक्टूबर को डीजीपी से आईजी श्री डांगी के खिलाफ शिकायत की है। इसमें महिला ने बताया कि 2017 में श्री डांगी के कोरबा एसपी रहने के दौरान मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों सोशल मीडिया के जरिये एक- दूसरे के संपर्क में थे।
महिला के अनुसार डांगी का दंतेवाड़ा तबादला हुआ तो वे वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें योग सिखाती थी। इसके बाद उनके बीच नियमित संपर्क होने लगा। महिला का आरोप है कि राजनांदगांव और सरगुजा में पदस्थाना के दौरान डांगी ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। डांगी के बिलासपुर आईजी बनने के बाद उत्पीडऩ का सिलसिला बढ़ गया।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि डांगी अपनी पत्नी की गैर मौजूदगी में उसे बंगले बुलाते थे। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि बात नहीं मानने पर ट्रांसफर की धमकी देते थे।
पुलिस प्रशिक्षण अकादमी चंद्रखुरी में पोस्टिंग के दौरान कथिततौर पर डांगी सुबह 5 से रात 10 बजे तक वीडियो कॉल पर संपर्क में रहने का दबाव बनाते थे। महिला ने अपने पास कोई आपत्तिजनक डिजिटल सबूत होने का भी दावा किया है।
महिला के आरोपों पर आईजी डांगी ने महिला पर ब्लैकमेल करने और बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि वे इस मामले में पहले की वरिष्ठ अफसरों से शिकायत कर चुके हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद महिला ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर मेरे खिलाफ शिकायत की है।
आईपीएस डांगी के अनुसार महिला के दबाव की वजह से वे दो साल से अपने परिवार से दूर हैं। महिला ने मुझे अपनी पत्नी से दूर रहने की हिदायत दे रखी है, यहां तक कि मैं अपनी पत्नी के साथ बैठकर बात भी नहीं कर सकता।
डांगी के अनुसार महिला का दबाव रहता है कि मैं अपनी पत्नी के मायके नहीं जाऊंगा। रात 10 बजे के बाद घर की बालकनी में सोऊंगा और 8 घंटे की लाइव लोकेशन भेजूंगा, वीडियो कॉल पर दिखाऊंगा।
डांगी के अनुसार महिला इस बात के लिए भी दबाव बनाती है कि सुबह 5 बजे से उसका वीडियो कॉल चालू रहेगा, जिसे केवल वह काट सकेगी। बेटों से भी बिना उसकी अनुमति के बात नहीं करूंगा।
डांगी के अनुसार महिला ने चेंजिंग रुम और बाथरूम में निजी पलों के स्क्रीनशॉट लेकर थमकी दी कि मैं उसकी शर्ते नहीं मानूंगा तो फोटोज वायरल कर देगी और डीजीपी को शिकायत करेगी।
डांगी के अनुसार उसने मुझे ब्लैकमेल किया, धमकाया, आत्महत्या का नाटक किया परिवार को तोडऩे की धमकी दी। दबाव में मैं उसकी सभी अनुचित मांगें मानने लगा। उसने मेरी पत्नी के साथ मेरा घूमना, योग करना, बाजार जाना बंद करवा दिया।
डांगी का आरोप है कि मेरे बेटों, समधी मंत्री और बहू को तस्वीरें भेजकर मेरे बड़े बेटे का तलाक करवाने की धमकी दी। दो वर्षों से अपने परिवार से दूर और तनाव में हूं। करवा चौथ पर वीडियो कॉल पर जहर दिखाकर धमकी दी कि पूजा में पत्नी के साथ गया तो आत्महत्या करेगी।र