Site icon Chatur Post

Real steel  स्पंज आयरन फैक्ट्री में भीषण दुर्घटना: मजदूरों पर गिरा गर्म मलबा 6 की मौत 5 घायल, CM का निर्देश…

Real steel  स्पंज आयरन फैक्ट्री में भीषण दुर्घटना: मजदूरों पर गिरा गर्म मलबा 6 की मौत 5 घायल, CM का निर्देश...

Real steel  रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के बलौदाबाजार के बकुलाही स्थित रियल इस्पात (स्पंज आयरन प्लांट) में गुरुवार सुबह हुए भीषण हादसे में छह मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। पांच मजदूर गंभीर रुप से घायल हुए हैं।

सभी घायलों का बिलासपुर में इलाज चल रहा है। कंपनी प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 20 लाख और घायलों को पांच-पांच लाख रुपए देने की घोषणा की है।

वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरे मामले की जांच और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।

सुबह साढ़े नौ बजे हुआ विस्फोट

फैक्ट्री में गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे भयंकर विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि विस्फोट प्लांट की कोयला भट्टी (कोल किल्न) में हुआ। ब्लास्ट के दौरान गर्म मलबा (राख) नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिरा, जिससे कई लोग झुलस गए। धमाके के बाद दूर तक धुएं का गुबार दिखा। घटना के बाद वहां चीख पुकार शुरू हो गई।

राख के नीचे दबे मजदूरों को किसी तरह वहां से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक कई दम तोड़ चुके थे। घायलों कोभाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

मौके पर पहुंची जिला प्रशासन की टीम, प्लांट सील

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता मौके पर पहुंच गए। प्लांट को सील कर दिया गया है। कलेक्टर श्री सोनी ने बताया कि बड़ा हादसा हुआ है कोल किल्न के डस्ट सेटलिंग चैंबर से गर्म राख ले जा रही पाइपलाइन में लीकेज हो गया, जिससे गर्म राख नीचे गिर गई। इस हादसे में नीचे काम कर रहे 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह की शिफ्ट में 50 मजदूर थे मौजूद

एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि इस हादसे में कुल 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इनमें से 6 लोगों की बर्न इंजरी से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि सुबह की शिफ्ट में 50 से ज्यादा मजदूर काम पर मौजूद थे। सभी मजदूरों का एक-एक कर सत्यापन किया जा रहा है।

गया और गढ़वा के रहने वाले सभी मृतक व घायल

दुर्घटना में मरने वाले सभी मजदूर बिहार के गया और झारखंड के गढ़वा के रहने वाले हैं। मरने वाले श्रमिकों में श्रवण कुमार, राजदेव कुमार, जितेन्द्र भुझ्या, बदरी भुझ्या, विनय भुझ्या और सुंदर भुइया। वहीं, घायलों में कल्पू भुझ्या व रामू भुझ्या गया के रहने वाले हैं, जबकि शबीर अंसारी, मुमताज अंसारी और शराफत अंसारी गढ़वा, झारखंड के रहने वाले हैं।

 हादसे पर सीएम साय ने जताया गहरा शोक

स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट की घटना को chief minister विष्णु देव साय ने अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया है। सीएम ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि शोकाकुल परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। सीएम ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न हो तथा उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, हादसे के कारणों की तथ्यपरक जांच सुनिश्चित करने के भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Exit mobile version