Site icon Chatur Post

Republic Day पंचायत से लेकर प्रदेशस्‍तर तक गणतंत्र दिवस  2026 के आयोजन को लेकर GAD का दिशा- निर्देश

Republic Day पंचायत से लेकर प्रदेशस्‍तर तक गणतंत्र दिवस 2026 के आयोजन को लेकर GAD का दिशा- निर्देश

Republic Day रायपुर। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह को लेकर सामान्‍य प्रशासन विभाग ने दिशा निर्देश जारी किया है। जीएडी ने पंचायत से लेकर राजधानी रायपुर में होने वाले प्रदेश स्‍तरीय समारोह को लेकर जरुरी गाइड लाइन जारी की है।

राजधानी में होगा मुख्‍य समारेाह

राज्य स्तर पर गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन राजधानी रायपुर में पुलिस परेड ग्राउंड  में होगा। यहां सुबह नौ बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। रायपुर में राज्‍यपाल ध्वजारोहण करने के साथ ही परेड की सलामी लेगें।

परेड में ये होगें शामिल

परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्‍तीसगढ़ सशस्त्र बल की पु‍रुष और महिला यूनिट, नगर सेना की पुरूष व महिला यूनिट, बैण्ड प्लाटून, अन्य आमंत्रित परेड बल की टुकड़ियां शामिल होंगी।

प्रदेश स्‍तरीय समारोह में यह होगा

पदक अलंकरण समारोहः- गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों की तरफ से दिए जाने वाले पुरस्कार/प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा।

झांकियों का प्रदर्शन:- समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों/संस्थानों की गई चलित झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमः- संभाग स्तर पर चयनित स्कूली बच्चों के कार्यक्रम और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन राजधानी में आयोजित समारोह में किया जाएगा।

जिला मुख्यालय स्तर पर समारोह का आयोजन

जिला मुख्यालयों में मंत्री  ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेगें। साथ ही मुख्यमंत्री के संदेश  का वाचन करेगें। जीएडी ने स्पष्ट किया है कि केवल जिला मुख्यालयों में परेड आयोजित की जाएगी, जिला मुख्यालयों के अलावा अन्य किसी स्थान पर परेड आयोजित नहीं होगी। परेड में सेना (जहां उपलब्ध हों), पुलिस, नगर सेना, जेल प्रहरी की टुकड़ियां भाग लेंगी।

जिला स्‍तर पर कार्यक्रम

जिला स्तर पर विभिन्न विभागों व योजनाओं की चलित झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का निर्धारण मुख्य अतिथि के परामर्श से किया जाए।

जनपद पंचायत/तहसील स्तर पर समारोह का आयोजन

जनपद पंचायत मुख्यालयों पर संबंधित जनपद पंचायत अध्यक्ष ध्वजारोहण करेगें।  ऐसी नगर पालिका/नगर पंचायत जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष, नगर पालिका/नगर पंचायत ध्वजारोहण करेगें।

पंचायत मुख्यालय व बड़े ग्राम

पंचायत मुख्यालयों में सरपंच और बडे गांवों में, गांवों के मुखिया ध्वजारोहण करेगें।

ध्‍वजा रोहण का समय

प्रदेश की राजधानी रायपुर और अन्य जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह सुबह नौ बजे से प्रारंभ होगा, इसे देखते हुए रायपुर व अन्य जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम सुबह नौ  बजे के पहले किया जाएगा।

विभाग व कार्यालयों  के लिए निर्देश

विभाग/कार्यालय प्रमुख की तरफ से उनके कार्यालय में ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया जाए।

सभी शासकीय और सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए।

रोशनी करने के निर्देश

 गणतंत्र दिवस  के अवसर पर 25 व 26 जनवरी 2026 की रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय/सार्वजनिक भवनों / राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाए। इस पर होने वाला व्यय संबंधित प्रशासकीय विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेंगे।

Exit mobile version