Site icon Chatur Post

Room Heater दर्दनाक घटना: रुम हीटर की वजह से चली गई जान: चीखता रहा बुजुर्ग किसी ने नहीं सुनी आवाज…

Room Heater दर्दनाक घटना: रुम हीटर की वजह से चली गई जान: चीखता रहा बुजुर्ग किसी ने नहीं सुनी आवाज...

Room Heater रायपुर। ठंड से बचने के लिए रुम हीटर का प्रयोग करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। मामला राजधानी रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र का है। ठंड के बचने बुजुर्ग ने रुम हीटर चालू कर रखा था। घर में अकेले बंद बुजुर्ग मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन ताला लगा होने के कारण कोई उन्हें बचा नहीं सका।

बंद घर में फैली आग, बुझती चली गई जिंदगी

शनिवार सुबह करीब 8 बजे टाटीबंध इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर से धुआं उठता दिखा। मोहल्ले के लोग दौड़कर पहुंचे तो अंदर से एक बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। 70 वर्षीय राजकुमार गुप्ता घर में अकेले थे। ठंड से बचने के लिए उन्होंने रूम हीटर चालू किया था, लेकिन अचानक आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कोई कुछ समझ पाता, उससे पहले ही पूरा कमरा चपेट में आ गया। घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था, इसलिए पड़ोसी चाहकर भी अंदर नहीं जा सके।

बेटा काम पर, बाकी परिवार बाहर गया था

राजकुमार गुप्ता के बेटे जितेंद्र गुप्ता उरला स्थित रोलिंग मिल में काम करते हैं। शनिवार सुबह वे घर में ताला लगाकर काम पर निकल गए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी मैहर दर्शन के लिए बाहर गए हुए थे। ऐसे में बुजुर्ग घर में पूरी तरह अकेले थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती जांच में आशंका है कि रूम हीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बुजुर्ग की जलकर मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है।

सवालों के घेरे में सुरक्षा और सतर्कता

घटना के बाद इलाके में फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। लेकिन इस हादसे ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—क्या हम सर्दियों में हीटर का इस्तेमाल सुरक्षित तरीके से कर रहे हैं?

सर्दी में गर्मी के साधन, लेकिन खतरे भी

अंगीठी, फैन हीटर, क्वाट्र्ज हीटर, ऑयल फिल्ड हीटर या इलेक्ट्रिक हॉट बैग—ये सभी ठंड से राहत देते हैं, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा बन सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि हीटर कभी भी बंद कमरे में, खासकर अकेले व्यक्ति के साथ, चालू छोड़कर नहीं रखना चाहिए।

Exit mobile version