सोशल मीडिया

RSS रायपुर में कई स्‍थानों पर हुआ हिंदू सम्मेल: डीडी नगर में निकली भव्य कलश यात्रा का पुष्‍प वर्षा कर लोगों ने किया स्‍वागत

RSS  रायपुर। सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में रविवार (11 जनवरी) को रायपुर शहर के विभिन्न नगरों में हिंदू सम्मेलन का व्यापक और भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य हिंदू समाज में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता को सशक्त करना रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित सम्मेलनों में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं एवं मातृ शक्ति की सहभागिता देखने को मिली।

इस क्रम में दीन दयाल उपाध्याय नगर में सर्व हिंदू समाज और मातृ शक्ति द्वारा एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। नगरवासियों ने मार्ग में पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यह कलश यात्रा सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सहभागिता का सशक्त प्रतीक बनी।

कबीर आश्रम सोनीपैरी के देवकर महाराज ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन में सर्व हिंदू समाज द्वारा आयोजित हिंदू सम्मेलन की उपयोगिता बताई। उन्होंने विधर्मियों द्वारा किए जा रहे कुत्सित प्रयासों का उल्लेख करते हुए बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार और धर्मांतरण के प्रयासों की ओर ध्यान आकृष्ट किया।

हिंदू सम्मेलन में बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने प्रथम वक्ता के रूप में संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मातृ शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज को समझने के लिए परिवार को समझना आवश्यक है।

गायत्री परिवार की ओर से विशिष्ट अतिथि उर्मिला नेताम ने मातृ शक्ति को समाज की शक्ति, लक्ष्मी और सरस्वती बताते हुए कहा कि समाज के निर्माण और पतन दोनों की जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ में है।

प्रांत संघचालक डॉ. टोपलाल वर्मा ने किया संवेदनशील उद्बोधन

छत्तीसगढ़ प्रांत संघचालक आदरणीय डॉ. टोपलाल वर्मा ने पंडित दीनदयाल नगर में आयोजित हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि देशभर में एक लाख हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने भारत की औद्योगिक शक्ति और सशक्त अर्थव्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी सामर्थ्य के कारण सांस्कृतिक आघात के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने महापुरुषों के बलिदान का स्मरण कर सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का आह्वान किया। साथ ही अनुसंधान, समरसता, स्व की भावना, मेक इन इंडिया, पर्यावरण संरक्षण, मातृ भाषा हिंदी और कुटीर उद्योग को अपनाने पर जोर दिया।  उन्होंने कहा कि “जाग रहा है जन-गण-मन, निश्चित होगा परिवर्तन।”

क्षेत्र संघचालक डॉ. पुर्णेन्दु सक्सेना का संदेश

मोवा में आयोजित सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के क्षेत्र संघचालक (मध्य क्षेत्र) डॉ. पुर्णेन्दु सक्सेना ने कहा कि संघ की 100 वर्षों की यात्रा सेवा, संस्कार और संगठन की यात्रा है। उन्होंने हिंदू समाज से आह्वान किया कि संगठित होकर सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।

शहर के कुल 12 जगहों पर हुआ भव्य आयोजन

गुढ़ियारी नगर टोप्पो मैदान में संघ प्रचारक नकुल सिंह, पुरानी बस्ती इनडोर स्टेडियम पार्किंग में डॉ. सुनील दास, प्रोफेसर कॉलोनी में मनीष कश्यप, विवेकानंदनगर पेंशन बाड़ा में महानगर प्रचारक मनोज कश्यप, माना बस्ती में महानगर कार्यवाह भारत भूषण वर्मा, माधव नगर जोरा पारा आरडीए बिल्डिंग में सह कार्यवाह अमोल गोरे, तात्यापारा नया पारा में टीबी मिश्रा, वीर सावरकर नगर महोबा बाजार में विहिप के घनश्याम चौधरी, टिकरापारा हरदेव लाला बस्ती में डॉ. चन्दन अग्रवाल तथा शंकर नगर राजा तालाब में विजय सुरजन ने अपने विचार रखे।

सभी वक्ताओं ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की यात्रा को सेवा, संस्कार और संगठन की प्रेरणादायी गाथा बताया। उन्होंने कहा कि संघ का कार्य व्यक्ति निर्माण से समाज और राष्ट्र निर्माण तक विस्तृत है। वक्ताओं ने हिंदू समाज की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को राष्ट्र की शक्ति बताया। परिवार को समाज की आधारशिला बताते हुए भारतीय संस्कारों के संरक्षण पर जोर दिया गया। पंच परिवर्तन के माध्यम से स्व आधारित जीवन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के पालन का आह्वान किया गया। प्रोफेसर कॉलोनी में वक्ता रहे मनीष कश्यप ने कल्चरल मार्क्सिस्म से हिंदू धर्म के खतरे पर प्रकाश डाला। 

प्रोफ़ेसर कॉलोनी में भारत माता की हुई शस्त्र आरती

पुराणी बस्ती के प्रोफेसर कॉलोनी में भारत सेवाश्रम द्वारा भारत माता का शस्त्र आरती किया गया।  यह आरती अखंड भारत के मानचित्र के साथ कड़ी भारत माता की आरती के समक्ष पूरे गाजे बाजे के साथ किया गया।  इस आरती में माँ दुर्गा के सभी शस्त्रों से मां भर्ती की आरती की गई।

Back to top button