SEC Rail रायपुर। भारतीय मजदूर संघ (BMS) के आह्वान पर 25 फरवरी को देशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन के क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ, रायपुर मंडल की तरफ से मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर को कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर संघ का प्रतिनिधिमंडल मंडल अध्यक्ष टाटा बाबु राव के नेतृत्व में मिला। प्रतिनिधिमंडल में राजेश्वर नागपुरे (जोनल उपाध्यक्ष), अभिषेक रेड्डी (जोनल कोषाध्यक्ष), प्रवीण चोपकर (मंडल कोषाध्यक्ष), नंद कुमार सिंह (उप सचिव) और कार्यकारिणी सदस्य किशोर चोपकर, मनीष तनेजा, आर. संतोष व मिथुन मानिकपुरी (शाखा सचिव, डीएलएस) शामिल थे।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पेंशन सुरक्षा, रोजगार संरक्षण, ट्रेड यूनियन अधिकार एवं श्रमिक कल्याण से संबंधित मुद्दों को उठाया गया। साथ ही रायपुर मंडल से संबंधित निम्न प्रमुख मांगें प्रशासन के समक्ष रखी गईं
संघ कार्यालय के लिए स्टाफ क्वार्टर का आवंटन, ताकि कर्मचारियों की शिकायतों का प्रभावी निराकरण किया जा सके।
खेल कक्ष (स्पोर्ट्स रूम) का विस्तार, जिससे छोटे कार्यक्रम एवं खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जा सके।
कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए क्रेच (शिशु देखभाल केंद्र) की व्यवस्था।
रेलवे अस्पताल में रेफरल प्रणाली के संबंध में जागरूकता एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
रेलवे अस्पताल में भर्ती कर्मचारियों को भोजन सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जैसा कि निजी सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रदान किया जाता है।
रायपुर बेस के लोको पायलटों को भाटापारा क्रू लॉबी से उनकी मूल लॉबी में वरिष्ठता के आधार पर वापस पदस्थ किया जाए।
प्रशासनिक कार्यों में कार्यरत मुख्य लोको निरीक्षकों को लाइन में लोको पायलट का यथोचित कार्य भी सौंपा जाए।
संघ ने प्रशासन से कर्मचारियों के हित में उपरोक्त मांगों पर शीघ्र एवं सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे राष्ट्र निर्माण एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध हैं, परंतु यदि कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी की गई तो भविष्य में लोकतांत्रिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा।