Sharab Ghotala रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक नामी होटल संचालक और उनके पुत्र को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी की जानकारी ईओडब्ल्यू ने प्रेसनोट जारी करके दी है।
आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया है उनमें नितेश पुरोहित और यश पुरोहित शामिल हैं। दोनों पिता- पुत्र हैं और शराब घोटाला में इनकी भी भूमिका है।
ईओडब्ल्यू की तरफ से जारी प्रेसनोट में बताया गया है कि नितेश पुरोहित होटल गिरिराज के संचालक हैं। यश पुरोहित उनका पुत्र है।
ईओडब्ल्यू के अफसरों ने बताया कि होटल संचालक दोनों पिता- पुत्र मार्च 2024 से फरार चल रहे थे। इन दोनों के साथ ईओडब्ल्यू पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास की भी तलाश कर रही थी। इन तीनों आरोपियों के पक्ष में सर्वोच्च न्यायालय ने क्रमश: सितंबर 2024 और दिसंबर 2024 में No coercive action का आदेश पारित किया था, जिसके बाद ईओडब्ल्यू के नोटिस पर आरोपी उपस्थित तो हुए लेकिन प्रकरण में किसी भी प्रकार का सहयोग नहीं किया।
ईओडब्ल्यू की प्रेसनोट के अनुसार 17 सितंबर को 2025 को सर्वोच्च न्यायालय से No coercive action की रोक हटने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ईओडब्लयू का आरोप है कि होटल व्यवसायी आरोपी पिता पुत्र सिंडीकेट के प्रमुख सदस्य थे। दोनों आबकारी घोटाले की अवैध राशि का संग्रहण, भण्डारण और लोकसेवकों व निजी व्यक्तियों तक पैसा पहुंचाने का काम करते थे।
नितेश पुरोहित, यश पुरोहित और निरंजन दास को आज रायपुर में विशेष कोर्ट में पेश किया गया। आरोपियों से पूछताछ के लिए 25.09.2025 तक पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही जारी है।