Silver Jubilee रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत स्टेट पॉवर कंपनीज़ के सात दिवसीय प्रदेशव्यापी रजत महोत्सव का आगाज हुआ। महोत्सव के तहत प्रदेश भर में 660 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन शुक्रवार को प्रदेश के 178 वितरण केन्द्रों में यह कार्यक्रम आयोजित किए गए। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने बताया कि जशपुर से बीजापुर, मोहला-मानपुर से गरियाबंद तक एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रबंध निदेशक श्री कंवर ने बताया कि छत्तीसगढ़ ने बीते 25 वर्षों में प्रगति के बड़े प्रतिमान स्थापित किए हैं उसमें विद्युत ऊर्जा की अहम भूमिका है। राज्य शासन की मंशानुरूप रजत महोत्सव के दौरान विगत 25 वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति को रेखांकित किया जा रहा है।
एमडी श्री कंवर ने कहा कि राज्य की तीनों पॉवर कंपनियां जिसमें उत्पादन, पारेषण और वितरण कंपनी शामिल हैं अपने उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चत करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ऊर्जा क्षेत्र में नई परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है जिससे आगामी दशकों की हमारी ऊर्जा जरूरतों की पूर्ती हो सके। राज्य गठन के बाद ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियाँ उल्लेखनीय है तथा नई पीढ़ी इस प्रगति को जान सके।
श्री कंवर ने बताया कि 30 जनवरी से 06 फरवरी तक पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के राज्यभर के आठ क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत 535 वितरण केन्द्रों, 68 संभागीय कार्यलयों, क्षेत्रीय कार्यालयों व मुख्यालय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रह हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विद्युत विकास यात्रा को दर्शाने वाली प्रदर्शनी, विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं को प्रमाणपत्र वितरण, स्कूली बच्चों के बीच आयोजित प्रतियोगितों के पुरस्कार वितरण प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।