Smart Meter से बिजली चोरी: तीन उपभोक्‍ताओं पर एफआईआर की तैयारी, जानिए- कैसे कर रहे थे चोरी  

schedule
2025-12-27 | 05:12h
update
2025-12-27 | 05:12h
person
chaturpost.com
domain
chaturpost.com

Smart meter  रायपुर। स्मार्ट मीटर लगने के बाद भी गड़बड़ी नहीं थम रही है। भारी भरकम बिल से बचने के लिए उपभोक्ता अब स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ कर बिजली की चोरी कर रहे हैं। अटल नगर संभाग के अंतर्गत जांच के दौरान स्मार्ट मीटर को बायपास करते हुए सीधे अनाधिकृत रूप से बिजली का उपयोग करते हुए तीन उपभोक्ता पकड़े गए। इन उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर की तैयारी की जा रही है।

अटल नगर संभाग का मामला

स्मार्ट मीटर को लेकर कहा गया था कि इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं की जा सकेगी लेकिन उपभोक्ता स्मार्ट मीटर में भी गड़बड़ी के तरीके निकाल रहे हैं। बिजली कनेक्शनों की जांच के दौरान स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ के मामले सामने आने लगे हैं। ऐसे ही तीन प्रकरण अटल नगर संभाग के अंतर्गत पकड़े गए हैं।

बकाया वसूली के दौरान सामने आया मामला

कार्यपालन यंत्री शशांक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में बकाया वसूली के साथ ही कनेक्शनों की जांच का अभियान तेजी से चल रहा है। बकायादारों के कनेक्शनों की जांच के दौरान सेजबहार वितरण केन्द्र के अंतर्गत मुजगहन निवासी मंसाराम यादव के घर कर्मचारी पहुंचे। जांच के दौरान स्मार्ट मीटर से बायपास कर बिजली का अनाधिकृत रूप से उपयोग करते पाया गया।

बायपास करने का मामला

इसी तरह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दुर्गा दम्मानी के परिसर में मुकेश साहू और ग्राम समोदा में दुरपति बाई के परिसर में स्थापित स्मार्ट मीटर को बायपास कर बिजली का अनाधिकृत रूप से उपयोग किया जा रहा था। तीनों प्रकरणों में पंचनामा तैयार कर अब संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

बिजली कटी तो 36 उपभोक्ताओं ने बकाया बिल पटाया

अटल नगर संभाग के तहत लगातार बकाया वसूली अभियान चल रहा है। 15 दिसंबर को 31 और 22 दिसंबर को 66 उपभोक्ताओं के घरों का बिजली कनेक्शन काटा गया। इन पर क्रमशः 3.50 लाख और 5.49 लाख का बकाया था। बिजली कटने पर 31 में से 10 उपभोक्ताओं से 1.40 लाख रुपए तथा 66 उपभोक्ताओं में से 26 से 2.54 लाख रुपए की बकाया राशि मिली। अन्य उपभोक्ताओं के परिसरों में लगे कनेक्शनों की जांच की जा रही है।

chatur postDecember 27, 2025
462 1 minute read
Follow Us
Imprint
Responsible for the content:
chaturpost.com
Privacy & Terms of Use:
chaturpost.com
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
19.02.2026 - 04:49:24
Privacy-Data & cookie usage: