
Arun Sao धेमाजी/लखीमपुर (असम): छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव इन दिनों असम के चुनावी रण में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। सोमवार को असम प्रवास के दौरान साव धेमाजी में भाजपा प्रत्याशियों की भव्य नामांकन रैली में शामिल हुए। इस दौरान धेमाजी की सड़कों और चौक-चौराहों पर भारी भीड़ और कार्यकर्ताओं का जोश देखने को मिला।
नामांकन रैली में दिखा जीत का भरोसा
उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में धेमाजी और सिसिबोरगांव विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. रनोज पेगू और जीवन गोगोई ने अपना नामांकन दाखिल किया। रैली को संबोधित करते हुए साव ने कहा, “भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में उमड़ा यह जनसैलाब आने वाले चुनाव परिणामों का साफ संकेत है। असम की जनता प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के ‘डबल इंजन’ विकास पर मुहर लगाने के लिए तैयार है।”
तीन दिनों तक संभाला चुनावी मोर्चा
डिप्टी सीएम अरुण साव पिछले तीन दिनों से असम के धेमाजी, ढकुआखाना, लखीमपुर और रोंगोनदी विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक प्रवास पर थे। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं।
बड़ी कार्रवाई! रायगढ़ के लैलूंगा में पुलिस ने पकड़ी अफीम की खेती। 3 किसानों के खेतों में लहलहा रही थी फसल। आखिर छत्तीसगढ़ में क्यों बढ़ रहा है अफीम का जाल? पूरी खबर पढ़ें…
सहयोगियों के साथ रणनीति: साव ने नाओबोइचा विधानसभा में एनडीए के सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) के प्रत्याशी बसंत दास और उनके कार्यकर्ताओं के साथ भी चुनावी रणनीति तैयार की।
कार्यकर्ताओं को मंत्र: उन्होंने रोंगोनदी से भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की और जनसंपर्क अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का संकल्प
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए अरुण साव ने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का मंत्र दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव बूथ स्तर पर जीता जाता है, इसलिए हर कार्यकर्ता को अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। साव ने विश्वास जताया कि असम में एक बार फिर भाजपा नीत एनडीए सरकार भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।







