कर्मचारी हलचल

प्रदेश में‍ फिर गरमाने लगी कर्मचारी राजनीति, राजपत्रित अधिकारी संघ पहुंचा सीएस दफ्तर

रायपुर। chaturpost.com (चतुरपोस्‍ट.कॉम)

छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष कमल वर्मा के नेतृत्व में आज संघ के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य सचिव कार्यालय मंत्रालय महानदी भवन में पदस्थ विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी पूनम सोनी को राजपत्रित अधिकारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंप कर समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की। इस अवसर पर बालमुकुंद तंबोली अध्यक्ष छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ, भूपेंद्र पांडे अपर संचालक और प्रदेश प्रवक्ता राजपत्रित अधिकारी संघ नारायण बुलीवाल संयुक्त संचालक और  प्रदेश उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ उपस्थित थे।

राजपत्रित अधिकारी संघ ने सभी जिलों में सौंपा ज्ञापन

इसके साथ ही आज सभी जिलों में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। अधिकारियों व कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के निराकरण के लिए त्वरित कार्यवाही की मांग की गई। संघ के पदाधिकारियों द्वारा मांग की गई है कि प्रदेश के कर्मचारियों व अधिकारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए गठित जिला और राज्य स्तरीय परामर्शदात्री की बैठक तत्काल आयोजित की जाए। प्रदेश के विभिन्न विभागों में राजपत्रित अधिकारियों के सेटअप का पुनरीक्षण किया जाए, ताकि विभागों की कार्यक्षमता में वृद्धि हो सके।

प्रदेश के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के दीर्घकालीन कार्यानुभव व विषय विशेषज्ञता का लाभ विभाग को मिल सके इसके लिए विभाग के वरिष्ठ अधिकारी को विभागीय प्रमुख/ डायरेक्टर/ कमिश्नर के पद पर पदस्थ किया जाए।

प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों की गोपनीय चरित्रावली का संधारण मंत्रालय की भांति ऑनलाईन किया जाए, ताकि समय पर पदोन्नति और समयमान वेतनमान मिल सके। प्रदेश के राजपत्रित अधिकारियों की भर्ती लोक सेवा आयोग से होने के कारण सभी कैडर के भर्ती नियम में एकरूपता लाई जाए।

राजपत्रित अधिकारी संघ ने की केंद्र के समान डीए देने की मांग

प्रदेश के शासकीय सेवकों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता और सातवें वेतनमान अनुसार गृह भाड़ा भत्ता दिया जाए। अखिल भारतीय सेवा में पदोन्नति के लिए राजपत्रित अधिकारियों के कोटे में वृद्धि की जाए। कांग्रेस घोषणा पत्र में किए गए प्रमुख वादे – चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान को शीघ्र लागू किया जाए। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जून में सेवानिवृत हो रहे कर्मचारियों एवं अधिकारियों को वार्षिक वेतनवृद्धि का लाभ दिया जाए।

राजपत्रित अधिकारी संघ की इसी महीने हुई थी बैठक

उल्‍लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ की आमसभा दिनांक 11 जनवरी 2023 को रायपुर में  हुई थी। इसमें राजपत्रित अधिकारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से  पारित करते हुए यह निर्णय लिया गया था कि  सभी जिलों में जिला कलेक्टरों को राजपत्रित अधिकारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु मुख्यमंत्री व मुख्यसचिव के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बताते चले कि छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ के अध्यक्ष बालमुकुंद तंबोली ने छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ की सभी मांगों का पुरजोर समर्थन करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल की मांग की है।

जानिए छत्‍तीसगढ़ की इन खूबसूरत वादियों के बारे में…कहां हैं और कैसे पहुंचें  

S. J. Kumar

पत्रकारिता के क्षेत्र में 22 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव । सुदीर्घ करियर में राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। जटिल मुद्दों के सरल विश्लेषण और खोजी रिपोर्टिंग के साथ राजनीति, प्रशासन और समसामयिक विषयों पर गहरी पकड़ है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में Chaturpost.com में सेवाएं दे रहे हैं।
Back to top button