
रायपुर । पश्चिम एशिया (West Asia) में उपजे वैश्विक तनाव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ की गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ठीक एक दिन बाद, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज एक बड़ी इमरजेंसी मीटिंग ली है। सुबह 11:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुरू हुई इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य के सभी संभागीय आयुक्तों, आईजी, कलेक्टरों और एसपी को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों (पेट्रोल-डीजल) और रसोई गैस (LPG) की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्तमान परिस्थितियों का फायदा उठाकर आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ तत्काल ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा, “किसी भी प्रकार का कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी नियम विरुद्ध काम करेगा, उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो।”
यह भी पढ़ें: बेमेतरा और दुर्ग के इन 5 नेताओं पर चुनाव आयोग का बड़ा एक्शन: 3 साल तक चुनाव लड़ने पर लगी रोक
बैठक में इन दिग्गजों की रही मौजूदगी
प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए इस बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार के शीर्ष अधिकारी और तेल कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहे:
- मुख्य सचिव: विकास शील
- पुलिस महानिदेशक (DGP): अरुण देव गौतम
- प्रमुख सचिव (CM): सुबोध कुमार सिंह
- सचिव: डॉ. बसवराजु एस, डॉ. रोहित यादव (ऊर्जा), रीना बाबा साहेब कंगाले (खाद्य), रजत कुमार (उद्योग)।
- कंपनियां: IOCL, BPCL और HPCL के पेट्रोल-डीजल और गैस डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारी।
पश्चिम एशिया संकट और ऊर्जा सुरक्षा
बैठक का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर, विशेषकर पश्चिम एशिया में उत्पन्न अशांति के कारण आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) में आने वाली संभावित बाधाओं को रोकना है। मुख्यमंत्री ने न केवल वर्तमान भंडारण की समीक्षा की, बल्कि वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग और दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कानून-व्यवस्था और अफवाहों पर लगाम
मुख्यमंत्री साय ने पुलिस महानिरीक्षकों (IG) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को कानून-व्यवस्था की स्थिति पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है ताकि आम जनता के बीच किसी प्रकार का पैनिक (Panic) न फैले।
आम जनता के लिए मुख्य संदेश:
- पर्याप्त भंडारण: प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
- घबराएं नहीं: सप्लाई सुचारु रूप से जारी है, पैनिक बाइंग (जरूरत से ज्यादा खरीदारी) न करें।
- शिकायत करें: यदि कोई आपसे अधिक दाम वसूलता है या कालाबाजारी करता है, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।







