Site icon Chatur Post

traffic  रायपुर- दुर्ग के लोगों के लिए जरुरी खबर: 1 अप्रैल से बंद हो रहा है खारुन नदी का यह पुल, इन वैकल्पिक रास्‍तों का कर सकते हैं प्रयोग  

traffic  रायपुर- दुर्ग के लोगों के लिए जरुरी खबर: 1 अप्रैल से बंद हो रहा है खारुन नदी का यह पुल, इन वैकल्पिक रास्‍तों का कर सकते हैं प्रयोग  

traffic रायपुर। नेशनल हाईवे-53 पर रायपुर और दुर्ग को जोड़ने वाले कुम्हारी स्थित खारुन नदी पुल की मरम्मत 1 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस कार्य के दौरान इस रूट पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहेगा। हर दिन लगभग डेढ़ लाख वाहनों के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने विशेष ट्रैफिक प्लान और एडवायजरी जारी की है।

ओवरटेक पर सख्त कार्रवाई

सबसे बड़ा बदलाव यह रहेगा कि मरम्मत अवधि में पुल पर ‘वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू होगी। यानी पुल के एक हिस्से से ही दोनों दिशाओं के वाहन बारी-बारी से गुजरेंगे। इससे पीक आवर्स सुबह और शाम में लंबा जाम लगने की पूरी आशंका है। पुलिस ने चंदनीडीह से कुम्हारी टोल तक ओवरटेकिंग पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

घर से एक घंटा पहले निकलने का सुझाव

ट्रैफिक विभाग ने यात्रियों को स्पष्ट सलाह दी है कि यदि उन्हें एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, अस्पताल या परीक्षा के लिए इस मार्ग से गुजरना है, तो वे सामान्य समय से कम से कम एक घंटा पहले घर से निकलें। सुबह 9 से 12 बजे और शाम 5 से रात 8 बजे के बीच सबसे ज्यादा दबाव रहेगा, जबकि रात में भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ती है।

डायवर्जन रूट्स पर पुलिस की निगरानी

भारी वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। सुबह के समय इन्हें दुर्ग के बाफना टोल प्लाजा पर रोका जाएगा और दोपहर बाद छोड़ा जाएगा, जबकि शाम को टाटीबंध क्षेत्र में इनकी एंट्री नियंत्रित की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोनों ओर पर्याप्त बल तैनात रहेगा और डायवर्जन रूट्स पर निगरानी रखी जाएगी।

एक वर्ष पहले हुआ था टेंडर

यह पुल लगभग 35 साल पुराना है, जिसके मरम्मत के लिए पिछले वर्ष बिना तकनीकी सर्वे के ही 16 करोड़ रुपए का टेंडर जारी कर दिया गया था। एजेंसी ने मशीनें और संसाधन जुटा लिए थे, लेकिन काम अचानक रोक दिया गया था। अब एक साल बाद थर्ड पार्टी सर्वे के बाद काम शुरू किया जा रहा है।नई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि पुल के 56 बेयरिंग पूरी तरह ठीक स्थिति में हैं और उन्हें बदलने की जरूरत नहीं है। ऐसे में अब केवल डामरीकरण, 10 एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत और दोनों ओर की रेलिंग सुधार का काम किया जाएगा। यह कार्य पूर्व में चयनित एजेंसी मिथिलेश मिश्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी को ही सौंपा गया है।

निरीक्षण के बाद वैकल्पिक रास्तों का सुझाव

नया रायपुर/एयरपोर्ट जाने वाले— भिलाई-दुर्ग से आने वाले यात्री सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग का उपयोग करें।

भिलाई-दुर्ग से रायपुर आने वाले— जाम से बचने के लिए सेलूद-फूंडा-जामगांव-अमलेश्वर वाला रास्ता बेहतर होगा।

चरोदा/भिलाई-3 के रहवासी — सिरसा गेट-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग से होते हुए रायपुर में प्रवेश कर सकते हैं।

कार व बाइक चालक— रायपुर से दुर्ग जाते समय चंदनीडीह से बाएं मुड़कर पुराने रपटे (पुल) या भाठागांव-अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करें।

यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर के एसीपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने कहा कि दुर्ग-रायपुर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को परेशानी ना हो, इसलिए शनिवार को स्थल का मुआयान किया गया और यात्रियों के आने जाने वाले रास्तों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। वाहन चालक परेशानी से बचने के लिए पुलिस की एडवायजरी का पालन करें।

Exit mobile version