Train Accident Update बिलासपुर रेल दुर्घटना: रेलवे ने की यात्रियों के मौत की पुष्टि: आधा दर्जन से ज्‍यादा ट्रेनें प्रभावित   

schedule
2025-11-04 | 14:42h
update
2025-11-05 | 05:29h
person
chaturpost.com
domain
chaturpost.com

Train Accident Update  बिलासपुर। छत्‍तीसगढ़ के बिलासपुर में बड़ी रेल दुर्घटना हो गई है। मंगलवार को बिलासपुर- गटौरा के बीच लाल खदान इलाके में मेमू पैसेंजर ट्रेन मालगाड़ी से टकरा गई। हादसा दोपहर बाद चार बजे की है। घटना में कई लोगों के हताहत होने की सूचना है। 11 रेल यात्रियों के मौत की पुष्टि हो चुकी है। 20 से ज्‍यादा घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

रेलवे की तरफ से मुआवजा की घोषणा

रेल अफसरों के अनुसार मेमू ट्रेन आगे चल रही पैसेंजर ट्रेन से टकरा गई। रेलवे ने पूरे मामले की जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। हादसे की वजह से मुम्बई-हावड़ा रुट पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है। रेलवे की तरफ से दुर्घटना के शिकार लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन के कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन में सवार एक यात्री ने बताया कि ट्रेन में अचानक झटका लगा। बाहर झांककर देखा तो पता चला कि इंजन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया था। इस दौरान आनन-फानन में अपने सामान लेकर हम लोग नीचे कूद गए। फंसे लोगों को बाहर निकलने में मदद की। हादसे में 20 से 25 लोग घायल हो गए हैं।

Train Accident Update  महिला आरक्षित बोगी को सबसे ज्यादा नुकसान

हादसे में कोरबा पैसेंजर ट्रेन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें फंसे यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला गया।

ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर किया गया कंट्रोल

दुर्घटना में ओएचई तार भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे मुम्बई- हावड़ा रुट की कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इन ट्रेनों को रायपुर और बिलासपुर के बीच विभिन्न स्टेशनों पर कंट्रोल किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद एक लाइन को पर रेल यातायात बहाल किया गया और एक-एक कर ट्रेनों को रवाना किया गया।

रेलवे सुरक्षा अयुक्त करेंगे जांच

रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के लिए रेलवे सुरक्षा अयुक्त को निर्देश जारी कर दिया है। रेलवे के सीपीआरओ तुष्कर विलास राव ने बताया कि कोरबा पैसेंजर ट्रेन ने आगे चल रही मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मारी है। यह घटना शाम करीब 4 बजे हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है। सीआरएस लेवल की इन्क्वायरी होगी। इसके बाद ही हादसे की वजह साफ हो पाएगी।

मुआवजा की घोषणा

 दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों के लिए रेलवे अनुग्रह राशि की घोषणा की है।  मृतकों के परिजनों को 10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 5 लाख तथा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को एक लाख रुपए दिया जाएगा।

रेलवे का जारी किया हेल्प लाइन नंबर

बिलासपुर – 7777857335, 7869953330

चांपा – 8085956528

रायगढ़ – 9752485600

पेंड्रा रोड – 8294730162

कोरबा – 7869953330

उसलापुर – 7777857338

रायपुर – 7777814132

Train Accident Update मुख्यमंत्री ने कलेक्टर से बात कर दुर्घटना की ली जानकारी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद घटना बताया और कहा कि इस दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के प्रति राज्य सरकार पूरी संवेदना के साथ खड़ी है। साय ने दूरभाष पर बिलासपुर कलेक्टर से बात कर घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए प्रभावितों की  सहायता के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।

मुख्‍यमंत्री ने सोशल मीडिया में किया पोस्‍ट

घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया में पोस्‍ट करके जानकारी दी कि  रेलवे और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई हैं और राहत-बचाव कार्यों में जुटी हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

सीएम ने व्‍यक्‍त की संवेदना

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है। मुख्यमंत्री  ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और उनके परिजनों को इस दुखद समय में धैर्य प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

——

डॉ. रमन सिंह ने जताया शोक

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बिलासपुर के लाल खदान रेलवे स्टेशन के पास हुई मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेन की टक्कर की खबर अत्यंत दु:खद है। कई डिब्बों के पटरी से उतरने और यात्रियों के हताहत होने की सूचना व्यथित करने वाली है। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं को शांति और उनके परिवारजन को इस दुखद घड़ी में धैर्य व प्रदान करें साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए माता महामाया से प्रार्थना करता हूं।

——-

बिहार के दौरे पर गए डिप्टी सीएम ने भी ली जानकारी

बिहार के चुनावी दौरे पर गए डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी घटना की टेलीफोन पर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि  बिलासपुर के पास रेल हादसे की एक दुखद घटना की सूचना प्राप्त हुई है। कोरबा पैसेंजर ट्रेन एवं मालगाड़ी के बीच भिड़ंत होने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की भी सूचना मिली है।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, बचाव दल एवं जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर बचाव और राहत कार्य में लगी है। प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों द्वारा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।

ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं। घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। मैंने वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात कर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया है। बचाव कार्य में लगे संबंधित अधिकारियों से लगातार सम्पर्क में हूं।

chatur postNovember 4, 2025
352 4 minutes read
Follow Us
Imprint
Responsible for the content:
chaturpost.com
Privacy & Terms of Use:
chaturpost.com
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
19.02.2026 - 07:06:02
Privacy-Data & cookie usage: