राज्य

Vidhansabha विधानसभा के बजट सत्र की अधिसूचना जारी:  23 फरवरी से शुरू होगी बैठक, 26 दिन का होगा सत्र

Vidhansabha  रायपुर। छत्‍तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है। सत्र की बैठक 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगी। इस दौरान सदन की 15 बैठकें प्रस्तावित है। वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 27 फरवरी को पेश किए जाने की संभावना है।

होली के दौरान 9 दिन नहीं होगी बैठक

होली के दौरान नौ दिनों तक सदन की बैठक नहीं होगी। होली चार मार्च को है। इससे पहले सदन की अंतिम बैठक 27 फरवरी शुक्रवार को होगी। 28 फरवरी और 01 मार्च को शनिवार- रविवार का अवकाश रहेगा। होली के बाद सदन की बैठक सीधे 9 मार्च से शुरू होगी।

आनलाइन और ऑफ लाइन प्रश्रों की सूचना

सत्र की अधिसूचना जारी होने के साथ ही विधायक सदन में पूछे जाने वाले सवालों की सूचना ऑनलाइन और ऑफ लाइन दोनों ही माध्यमों से विधानसभा सचिवालय को दे सकते हैं। सदस्य 22 फरवरी तक प्रश्रों की सूचना सचिवालय को दे सकते हैं।

नए भवन में पहला बजट सत्र

नवा रायपुर में बने विधानसभा के नए भवन में यह पहला बजट सत्र होगा। उल्लेखनीय है कि नए भवन का एक नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था। इसके बाद दिसंबर में शीतकालन सत्र की बैठक हुई थी।

चार फरवरी को कैबिनेट की बैठक

सत्र से पहले चार फरवरी को विष्‍णुदेव साय कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें बजट सत्र के दौरान सदन में पेश किए जाने वाले विधेयकों और संशोधन विधेयकों पर चर्चा हो सकती है। रायपुर में पुलिस कमिश्‍नरी के गठन को देखते हुए सत्र के दौरान सरकार पुलिस एक्‍ट में संशोधन विधेयक ला सकती है।

बजट पर चर्चा होली के बाद

सदन में 27 फरवरी को बजट पेश किए जाने की संभावना है। बजट पर सामान्‍य और विभागवार चर्चा, होली के बाद शुरू होने की संभावना है। 26 फरवरी को सदन में सांख्यिकीय रिपोर्ट पेश किया जाएगा।

Back to top button