Vishvranjan रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी विश्वरंजन को आज रायपुर पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि दी गई। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ की तरफ से आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्य के पूर्व डीजी व अन्य वरिष्ठ अफसर शामिल हुए।
बता दें कि विश्वरंजन का आज सुबह ही पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पुलिस कल्याण संघ के जीएस बाम्बरा ने बताया कि रायपुर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने स्वर्गीय विश्वरंजन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा उनके द्वारा पुलिस सेवा के दौरान किए गए उल्लेखनीय योगदान को स्मरण किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय विश्वरंजन कर्मठ, अनुशासित और दूरदर्शी पुलिस अधिकारी थे, जिनका प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक राजीव माथुर, संत कुमार पासवान, राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष गिरधारी लाल नायक, सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यूआर नेताम, सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक भारत सिंह, पीएन तिवारी, पुलिस उप महानिरीक्षक प्रवीर दास, एनकेएस ठाकुर, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ के संरक्षक जीएस भामरा, अध्यक्ष बलराम हिरवानी, कोषाध्यक्ष नारायण प्रसाद उपाध्याय सहित संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्रीमती व्ही.एस. चौबे, श्रीमती व्ही.के. चौबे एवं श्रीमती आई.एच. खान भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभा के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ, रायपुर ने स्वर्गीय विश्वरंजन के निधन को पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।