
Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून मेहरबान है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, अभी सप्ताहभर तक अच्छी बारिश की संभावना बनी रहेगी।
चार संभागों में भारी बारिश का अलर्ट
प्रदेश स्तरीय मौसम विज्ञान केंद्र ने छत्तीसगढ़ के तीन संभागों सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग में सोमवार को बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार एक- दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली भी गिर सकती है।
Weather सोमवार को कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम
छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर अनुमान है कि सोमवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं। कहीं- कहीं बीच में धूप भी निकल सकती है। इस दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। रायपुर के मौसम को लेकर अनुमान है कि आज यहां दिन में कुछ एक बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है।
सरगुजा संभाग में भारी बारिश की चेतवानी
उत्तरी छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस दौरान भारी बारिश होने की भी संभावना बनी रहेगी। रविवार को भी सरगुजा संभाग के अधिकांश स्थानों पर अच्छी बारिश हुई है। सरगुजा के साथ ही बिलासपुर संभाग के भी कई स्थानों पर बारिश हुई।
Weather ग्वालियर से गुजर रही है मानसून द्रोणिका
दक्षिण पश्चिम मानसून की द्रोणिका पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गुजर रही है। द्रोणिका अभी राजस्थान के बीकानेर से मध्य प्रदेश के उत्तर पूर्व तक बनी हुई। इसके आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसी तरह के कुछ और सिस्टम सक्रिय हैं। इसका असर मौसम पर पड़ रहा है। इससे बारिश की संभावना बन रही है।




