राज्य

Weather छत्‍तीसगढ़ में शीतलहर की वापसी: रायपुर में सामान्‍य से 5.2 डिग्री कम तापमान, मौसम विभाग का अलर्ट

Weather रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। उत्‍तरी से आई सर्द हवाओं ने मध्‍य छत्‍तीसगढ़ का तापमान गिरा दिया है। इससे मैदानी क्षेत्र फिर एक बार शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। राजधानी रायपुर का भी न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से नीचे चला गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे के दौरान राज्‍य में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार राज्‍य के उत्‍तरी और मध्‍य हिस्‍से में एक- दो स्‍थानों पर शीतलहर चल सकती है।

रविवार को कैसा रहेगा मौसम

छत्‍तीसगढ़ के रविवार के मौसम को लेकर विशेषज्ञों का अनुमान है कि आज दिन में आसमान साफ रहेगा। ऐसे में दिन में ठंड पड़ने की संभावना कम है। राज्‍य के अधिकांश स्‍थानों पर दिन का तापमान सामान्‍य से कुछ ऊपर रहने की संभावना है। रात में ठंड पड़ सकती है। कहीं- कहीं शीतलहर भी चल सकती है।

दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर

प्रदेश के ज्‍यादातर स्‍थानों के दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर आ गया है। राजधानी रायपुर न्‍यूनतम तापमान 12 और अधिकतम तापमान 30 डिग्री रिकार्ड किया गया। रात का तापमान सामान्‍य से 5 डिग्री कम है।

इसी तरह माना का न्‍यूनतम तापमान 8.2 और न्‍यूनतम 30.3 दर्ज किया गया। माना का भी न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से 5 डिग्री कम है। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 30.4 और न्‍यूनतम 10. 4 रिकार्ड  किया गया।

बिलासपुर संभाग के पेंड्रा रोड का न्‍यूनतम तापमान 9 और अधिकतम 27 डिग्री रहा। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 25.4 और न्‍यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

दुर्ग में शीतलहर की स्थिति

मैदानी क्षेत्रों में दुर्ग की रातें सबसे सर्द है। वहां का न्‍यूनतम तापमान लगातार सामान्‍य से नीचे चल रहा है। अभी दुर्ग का अधिकतम तापमान 29.2 और न्‍यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। न्‍यूनमम तापमान सामान्‍य से 5 डिग्री नीचे है। जगदलपुर का भी न्‍यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Back to top button