Weather रायपुर। छत्तीगसढ़ के मैदानी क्षेत्रों में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। करीब 21 दिनों से बस्तर में रुका मानसून आगे बढ़ गया है। सोमवार को मानसून धमतरी, राजनांदगांव और बालोद के साथ ही दुर्ग तक पहुंच चुका है। अभी परिस्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के अनुकूल बनी हुई है। ऐसे में इसके राज्य के बाकी हिस्सों में भी सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने आज पूरे राज्य में अच्छी बारिश की संभावना के साथ 8 जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने राज्य के जिन जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें बिलासपुर के साथ मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा- मरवाही, सारंगढ़, रायगढ़, कोरबा, सक्ती और जांजगीर-चांपा शामिल है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मंगलवार को सरगुजा और बिलासपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। रायपुर और दुर्ग संभाग अनेक स्थानों और बस्तर संभाग के कुछ एक स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मानसून के आगमन के साथ ही दुर्ग संभाग के जिलों में अच्छी बारिश हुई है। 24 घंटो के दौरान दुर्ग में सर्वाधिक छह सेमी बारिश दर्ज की गई। दुर्ग जिला के ही भिलाई में तीन सेमी, जबकि गुंडरदेही और कवर्धा में चार सेमी बारिश रिकार्ड की गई। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में रविवार और सोमवार के दौरान अच्छी बारिश हुई है। बिलासपर और जांजगीर में तीन-तीन समेत अनेक स्थानों पर एक से तीन सेमी तक वर्षा हुई है।
Weather तापमान में अभी और गिरावट की उम्मीद
मौसम के बदलते ही राज्य के तापमान में कमी का दौर भी शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो- तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कमी का दौर जारी रहेगा।
रायपुर का अधिकतम तापमान कम होकर 35 डिग्री पर आ गया है। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इसी तरह अंबिकापुर का 34.2, जगदलपुर का 32, राजनांदगांव का 35 और दुर्ग का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा।